शामली। झिंझाना के गांव दूधली निवासी एक महिला ने कस्बे के ही एक व्यक्ति पर आए दिन अभद्रता करने झूठे मुकदमें में फंसाने की धमकी व एक लाख बीस हजार रुपये हडपने का आरोप लगाते हुए डीएम से कार्रवाई की मांग की है। पीडिता का कहना है कि उक्त व्यक्ति के उत्पीडन से समाज के लोगों में भी दहशत बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार झिंझाना क्षेत्र के गांव दूधली निवासी एक महिला ने डीएम को प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि कस्बे के मौहल्ला सीतापुरी निवासी एक व्यक्ति आए दिन उसके साथ अभद्रता तथा झूठे मुकदमें में फंसाने की धमकी देता रहता है। उसने कई बार उक्त व्यक्ति को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। पीडिता का कहना है कि उसका पुत्र मंगल 3 फरवरी को अपने घर से अपने दादा के पिंडदान के लिए इलाहाबाद जा रहा था। लखनऊ में उसने किसी दुकान पर खरीददारी की जहां पैसों के लेनदेन को लेकर उसका दुकानदार से झगडा हो गया जिसके बाद पुलिस ने उसके पुत्र मंगल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इसी दौरान उक्त व्यक्ति उसके घर पहुंचा तथा हरियाणा के करनाल से उसके पुत्र मंगल का 2021 का झूठा वारंट तैयार कराके लखनऊ जेल में लगवाकर उसे धमकी दी कि यदि उसने पांच लाख रुपये न दिए तो उसके पुत्र के खिलाफ 5-7 मुकदमें और लगवाकर उसका परिवार तबाह कर देगा। इससे घबराकर उन्होंने बैंक में अपने जेवरात रखकर वहां से एक लाख बीस हजार रुपये उक्त व्यक्ति को दे दिए। 23 अप्रैल को उसने हरियाणा के करनाल के एसपी से मिलकर आपबीती बतायी। जब वह घर पहुंची तो उक्त व्यक्ति उसके घर पहुंच गया तथा उसके साथ गाली गलौच करते हुए उसे सबक सिखाने की धमकी दी। पीडिता का कहना है कि उक्त व्यक्ति से उसके समाज के लोग भी दहशत में है। पीडिता ने डीएम से मामले की जांच कराकर आरोपित के खिलाफ कार्रवाई व उसके एक लाख बीस हजार रुपये वापस दिलाए जाने की मांग की है।

