झांसी के चर्चित ‘द मैड किचिन’ मर्डर केस में बड़ा एक्शन! 25 हजार का इनामी शूटर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

झांसी के चर्चित ‘द मैड किचिन’ मर्डर केस में बड़ा एक्शन! 25 हजार का इनामी शूटर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी में 10 दिन पूर्व चर्चित द मैड किचिन रेस्टोरेंट हत्याकांड के एक और फरार आरोपित और 25 हजार रुपये के इनामी शूटर जितेंद्र यादव उर्फ जीतू को नवाबाद थाना पुलिस और स्वाट टीम ने देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपित के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे उपचार के लिए महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार 23 जुलाई की रात गुरसराय के हैवतपुरा निवासी संजय सिंह अपने साथियों के साथ इलाईट-सीपरी रोड स्थित द मैड किचिन रेस्टोरेंट में भोजन कर रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने उनकी कनपटी से सटाकर पिस्टल से गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल संजय सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपित अजय यादव, धर्मेंद्र परिहार समेत दो शूटरों को पहले ही मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि जितेंद्र यादव उर्फ जीतू फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

एसएसपी के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्वाट टीम और नवाबाद थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी बिना नंबर की थार गाड़ी से भगवंतपुरा मार्ग की ओर जा रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने लगा।

पुलिस ने पीछा करते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपित के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान जितेंद्र यादव उर्फ जीतू निवासी सिद्धेश्वर नगर, आईटीआई क्षेत्र के रूप में बताई और संजय सिंह हत्याकांड में शामिल होने की बात स्वीकार की।

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी नगर रामवीर सिंह सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। क्षेत्राधिकारी नगर ने बताया कि पुलिस ने आरोपित के कब्जे से बिना नंबर की एक थार गाड़ी, एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस तथा तीन अलग-अलग बैंकों के ब्लैंक चेक बरामद किए हैं। बरामद सामग्री के संबंध में भी पुलिस जांच कर रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *