जौनपुर में हिस्ट्रीशीटर गुलाब पाल की गोली मारकर हत्या, पंचायत भवन के पास मिला शव; चार संदिग्ध चिह्नित

जौनपुर में हिस्ट्रीशीटर गुलाब पाल की गोली मारकर हत्या, पंचायत भवन के पास मिला शव; चार संदिग्ध चिह्नित

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में केराकत कोतवाली क्षेत्र के बलईपुर बैरगिया गांव में सोमवार देर रात पंचायत भवन के पास हिस्ट्रीशीटर गुलाब पाल (25) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसका शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में चार संदिग्धों को चिह्नित कर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, गुलाब पाल पुत्र पतिराम पाल सोमवार रात गांव में आयोजित एक तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने पिता के साथ घर लौटा था। कुछ देर बाद वह मोटरसाइकिल लेकर यह कहकर निकला कि जल्द वापस आ जाएगा। रात करीब एक बजे परिजनों को सूचना मिली कि वह पंचायत भवन के पास घायल अवस्था में पड़ा है। परिजन मौके पर पहुंचे तो वह मृत मिला। उसके बाएं सीने पर गोली लगने का निशान था। इसके बाद परिजनों ने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना पर केराकत कोतवाली प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

सीओ केराकत गिरेन्द्र कुमार ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची तो गुलाब के सीने में गोली लगी थी। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केराकत ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल पर पांच थानों की पुलिस के साथ सर्विलांस और फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।

इस संबंध में मंगलवार को जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकार केराकत गिरेन्द्र कुमार सिंह ने बतया कि गुलाब पाल केराकत थाने का हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट और रंगदारी समेत करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज थे। वह लगभग दो महीने पहले जेल से छूटकर आया था। गांव में उसकी कई लोगों से रंजिश होने की बात भी सामने आई है।

पुलिस घटना की सूचना देने वाले व्यक्ति के मौके से फरार होने के पहलू की भी जांच कर रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया के साथ अन्य बिंदुओं पर छानबीन की जा रही है। हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *