जुमे की नमाज के बाद भाजपा की निलंबित नेता के खिलाफ नारेबाजी

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद कुछ लोगों के समूह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा के पैगंबर मोहम्मद के बारे में की गयी विवादित टिप्पणी के विरोध में नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिये पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक शहर के जामा मस्जिद चौराहे पर मुगलपुरा इलाके में प्रदर्शनकारियों ने शर्मा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर पोस्टर लहराए। इस संबंध में पुलिस के आला अधिकारियों ने कुछ भी बताने से इंकार कर दिया गया, वहीं जिलाधिकारी ने स्थिति को सामान्य बताया है।
नारेबाजी कर रहे लोगों पर पुलिस द्वारा हल्का बल प्रयोग करने के बाद नारेबाजी बंद हो गई। जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मुरादाबाद जिले में जुमे की नमाज सकुशल संपन्न हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जामा मस्जिद के बाहर कुछ बच्चों ने नारेबाजी जरूर की थी जिनको समझा बुझा कर घर भेज दिया गया है। सिंह ने कहा कि शहर में कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।
गौरतलब है कि तीन जून को कानपुर में बड़ा बवाल हुआ था। जिसके चलते एहतियातन जुमे की नमाज को लेकर पुलिस प्रशासन हर स्थिति से निबटने के लिए पहले से ही अलर्ट था। मुरादाबाद में मुस्लिम समाज के लोग सड़कों पर उतर आए। कोई हिंसात्मक घटना तो नहीं हुई लेकिन हाथों में ‘अरेस्ट नूपुर शर्मा’ के बैनर लिये लोगों ने जमकर नारेबाजी की।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *