जामुन के पेड़ से लटका मिला युवक का शव, शनिवार के दिन करीब 11 बजे घर से हुआ था लापता, पिता ने कस्बे के कई लोगों पर जताया हत्या का शक

थानाभवन। जामुन के पेड़ से एक युवक का रस्सी के सहारे शव लटका हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जबकि मृतक युवक की पहचान कस्बा जलालाबाद निवासी युवक के रूप में हुई।
थानाभवन दिल्ली सहारनपुर नेशनल हाईवे मार्ग पर स्थित दिव्या पब्लिक स्कूल के पीछे जलालाबाद निवासी शकील नाम के किसान का खेत है। किसान जब खेत पर पहुंचा तो खेत के पीछे ही कृष्णा नदी के पास जामुन के पेड़ पर एक युवक का शव लटका हुआ था। शव को देखते ही घबराए किसान ने पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पुलिस भी पहुंची। पुलिस ने शव को उतार कर घंटों तक शव की शिनाख्त का प्रयास किया। काफी देर बाद मृतक की शिनाख्त कस्बा जलालाबाद के मोहल्ला आर्य नगर निवासी सुमित पुत्र मांगेराम जिसकी उम्र करीब 22 वर्ष है के रूप में हुई। सूचना परिजनों को भी दी गई परिजन भी मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा है। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मृतक के पिता मांगेराम ने बताया कि उनका पुत्र शनिवार करीब 11 बजे बाद से लापता हो गया था। उसे घर से कोई बुलाकर ले गया था। उन्होंने अपने पुत्र को कई जगह तलाश किया, लेकिन अब पुलिस ने उन्हें सुमित के पेड़ से लटके हुए शव मिलने के बारे में सूचना दी है। पिता मांगेराम ने कस्बे के कई लोगों पर हत्या करने का आरोप भी लगाया है। जब इस बारे में थानाभवन क्षेत्राधिकारी श्रेष्ठा ठाकुर से जानकारी की गई तो उन्होंने बताया कि सुमित नाम के एक युवक का शव मिला है जिसका पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद ही हत्या के सही कारणों का पता चल पाएगा। वही परिजनों ने अभी तक तहरीर नहीं दी है जैसी तहरीर आएगी उसके अनुसार ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी जबकि पुलिस अपने स्तर से भी मामले की जांच पड़ताल करने में जुटी है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *