
नयी दिल्ली (वार्ता) भारतीय बाजार में दोबारा वापसी करने के साथ ग्लोरिया जीन्स कॉफी ने दिल्ली-एनसीआर में दो कैफे खोलने की घोषणा की है। कॉफी ब्रांड की देशभर में आगामी दो वर्षों में 50 से ज्यादा कैफे खोलने की योजना है।कंपनी के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक डॉ जयप्रकाश एम ने कहा,“ग्लोरिया जीन्स कॉफी का लक्ष्य अगले दो वर्षों में 50 आउटलेट खोलने का है। जिनमें से अधिकांश एफआईसीओ (फ्रैंचाइज़ी निवेशित और कंपनी संचालित) और एफओसीओ (फ्रैंचाइजी स्वामित्व और कंपनी संचालित) मॉडल में संचालित होंगे।”ग्लोरिया जिन्स कॉफी ने गत 25 मई को बेंगलुरु के नेक्सस वाइटफिल्ड में अपना पहला कैफे खोला है। इसकी शुरुआत वर्ष 1979 में शिकागो में ग्लोरिया जीन क्वेत्को और उनके पति ने की थी। ब्रांड जल्द ही विकसित हुआ और वर्तमान में अमेरिका के बाहर 50 से अधिक देशों में कारोबार कर रहा है।ग्लोरिया जीन्स कॉफी को विविध कंपनियों को संपर्क और अनुमति प्रदान करने वाली 17 साल पुरानी कंपनी जे जे कैपिटल एंड इनवेस्टमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड भारत लायी है। इसके पास पूरे भारत में ग्लोरिया जीन्स कॉफी के संचालन के लिए मास्टर फ्रैंचाइजी अधिकार है।
