नोएडा। नाेएडा के थाना नॉलेज पार्क इलाके में शारदा विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले एक नामीबिया के छात्र की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना नॉलेज पार्क प्रभारी विनोद कुमार ने साेमवार काे बताया कि नामीबिया के रहने वाले पीटर टांगीनी तुतलानी (32) शारदा विश्वविद्यालय से पढ़ रहे थे। बीती रात को वह बोड़ाकी से मुंबई के जाने वाली फ्रेड कॉरिडोर रेलवे ट्रैक पर चढ़ गए। इसी बीच वह ट्रेन की चपेट में आ गए। सूचना पाकर माैके पर पहुंची थाना पुलिस ने गंभीर हालत में घायल छात्र काे उपचार के लिए एंबुलेंस की सहायता से जिम्स अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

थाना प्रभारी ने बताया कि इस घटना के संबंध में आईसीडी एमडीसी ट्रेन के गार्ड अनीश द्वारा फरीदाबाद रेलवे स्टेशन को सूचना दी गई थी। उन्होंने बताया कि पुलिस को जांच के दौरान पता चला है कि मृतक नशे का आदी था और आशंका है कि नशा करने के बाद वह रेलवे ट्रैक पर चढ़ गया हाेगा।फिलहाल थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की भेज दिया है और मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी उचित माध्यम से दी जा रही है।

