लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेस-वे पर स्लीपर बस में आग लगने की घटना का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और उन्हें हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों से बात कर सहायता का भरोसा दिलाया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

ग्रेटर नोएडा में बुधवार देर रात जेवर क्षेत्र में दयानतपुर गांव के पास दिल्ली से महोबा जा रही स्लीपर बस में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ यात्री बस के भीतर फंस गए। पुलिस और बचाव दल ने करीब 30 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे में नौ यात्रियों की मौत हुई है। मृतकों में एक महिला समेत अन्य यात्री शामिल हैं। घायलों को कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उल्लेखनीय है कि राज कल्पना ट्रैवल्स की बताई जा रही बस का नंबर बीआर 32 पीए 8647 है। बस में करीब 35 यात्री सवार थे। रात करीब 12 बजे आग लगते ही बस के भीतर धुआं भर गया और ऊंची लपटें उठने लगीं। चालक ने बस को एक्सप्रेस-वे के किनारे रोक दिया। इसके बाद कई यात्रियों ने खिड़कियों और आपातकालीन निकास से बाहर निकलकर जान बचाई, जबकि कुछ यात्री आग की चपेट में आ गए।
सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और यमुना एक्सप्रेस-वे की निजी सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव दल ने आग पर काबू पाने के बाद बस की तलाशी ली और अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया।
हादसे के चलते जेवर टोल और फलैदा कट के पास आधे घंटे से अधिक समय तक यातायात रोका गया। राहत और बचाव कार्य पूरा होने के बाद एक्सप्रेस-वे पर यातायात बहाल कर दिया गया।
बस में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस और प्रशासन यह पता लगाने में जुटे हैं कि आग बस के किस हिस्से से शुरू हुई और इतनी तेजी से कैसे फैली।

