जौनपुर। यूपी के जौनपुर जिले के केराकत कोतवाली क्षेत्र के सरौनी पूरबपट्टी गांव में शुक्रवार सुबह गोबर रखने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति को लाइसेंसी बंदूक से गोली मार दी गई। गोली लगने से समर बहादुर मौर्या (रघुनाथ मौर्या के पुत्र) गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके जांघ में गोली लगी है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, घटना शुक्रवार सुबह करीब सात बजे की है। घायल के पुत्र अर्जुन मौर्या ने डायल 112 पर सूचना देकर आरोप लगाया कि गांव के कन्हैया लाल मौर्या उर्फ लुल्ली, पुत्र लाल बहादुर मौर्या, ने जमीनी विवाद के चलते उनके पिता को लाइसेंसी राइफल से गोली मार दी।

घटना के बाद घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केराकत ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

