वडोदरा। गुजरात में वडोदरा-हालोल हाईवे पर बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों को शोक में डुबो दिया। कोटांबी गांव के पास स्थित कोटांबी स्टेडियम के नजदीक सुबह करीब 4 बजे एक तेज रफ्तार लग्जरी बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई, जिसमें 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 26 यात्री घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, बस बांसवाड़ा से यात्रियों को लेकर सूरत की ओर जा रही थी। इसी दौरान हाईवे पर खड़े ट्रक से बस की जोरदार भिड़ंत हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक वाहन के टायरों की जांच के लिए सड़क किनारे रुका हुआ था, तभी पीछे से आ रही बस नियंत्रण खो बैठी और सीधे ट्रक में जा घुसी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और कई यात्री अंदर फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद स्थानीय लोग तथा राहगीर तुरंत राहत कार्य में जुट गए।
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड, पाणीगेट फायर स्टेशन और आपातकालीन सेवाओं की टीम मौके पर पहुंची। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की टीम को भी राहत एवं बचाव कार्य में लगाया गया। जेसीबी और कटिंग उपकरणों की मदद से बस को काटकर यात्रियों को बाहर निकाला गया।
घायलों को तत्काल वडोदरा सिविल अस्पताल और आसपास के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें कई यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने घटनास्थल पर यातायात व्यवस्था संभाल ली है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और सड़क किनारे खड़े ट्रक को प्रमुख वजह माना जा रहा है।
यह हादसा एक बार फिर हाईवे पर लापरवाही और रफ्तार की कीमत को उजागर करता है, जिसने कई परिवारों की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया।

