गाजियाबाद रामलीला मैदान में रावण का पुतला बनाते समय धमाका,आग लगने से 5 घायल, भवन की दो दीवारें गिरीं; दिल्ली रेफर

गाजियाबाद रामलीला मैदान में रावण का पुतला बनाते समय धमाका,आग लगने से 5 घायल, भवन की दो दीवारें गिरीं; दिल्ली रेफर

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के रामलीला मैदान में बने भवन में रावण का पुतला बनाते समय पटाखे फटने से अचानक आग लग गई। फायर ब्रिगेड को सूचना मिली कि पटाखे की दुकान में आग लगी है। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। इस घटना में भवन की दो दीवार गिर गई है, तथा पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें उपचार के लिए दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

मुख्य दमकल अधिकारी सौरभ सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह 9.26 बजे फायर स्टेशन साहिबाबाद को सूचना मिली की रामलीला मैदान शनि चौक स्थित पटाखे की दुकान में आग लग गई है। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर पहुंच कर देखा गया कि आग किसी आतिशबाजी की दुकान में ना लगकर रामलीला मैदान शनि चौक के बैक साइड में स्थित सामुदायिक केंद्र भवन के एक बड़े हाल में लगी थी। जिस पर फायर यूनिट द्वारा तत्काल अग्निशमन वाहन से पंपिंग कर पूर्ण रूप से बुझा दिया गया।

उन्होंने बताया कि आग को पूर्ण रूप से बूझाकर शांत किए जाने के उपरांत अग्निशमन की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तो संज्ञान में आया कि हाल के अंदर रामलीला कार्यक्रम हेतु रावण के पुतले को बनाने का कार्य किया जा रहा था। संभवतः पुतले को बनाए जाने में आतिशबाजी या अन्य किसी विस्फोटक सामग्री का प्रयोग किया जा रहा था, जिसकी वजह से विस्फोट हुआ और आग लगी। विस्फोट होने के कारण भवन की दो दीवार गिर गई। इस घटना में वहां मौजूद पांच लोग घायल हो गए। घायलों में एक का नाम ऋषभ और दूसरे का नाम हरेंद्र है। तीन की अभी पहचान नहीं हो पाई है। उन्हें उपचार के लिए दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *