गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश में जनपद गाजियाबाद के पाण्डव नगर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित प्राईड इंटरप्राइजेज नाम की एक फैक्टरी में बुधवार सुबह को आग लग गई। फैक्टरी में झाड़ू और उसके कवर बनाए जाते हैं। घटना के समय फैक्टरी में केवल सुरक्षाकर्मी मौजूद थे। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी। फैक्टरी के प्रथम तल पर स्थित टीन शैड्स और लाखों का कच्चा माल जल गया।

सीएफओ राहुल पाल ने बताया कि फायर स्टेशन कोतवाली को सुबह आठ बजे सूचना मिली कि पांडव नगर औद्योतिगक क्षेत्र में स्थित फैक्टरी में आग लगी है। अग्निशमन अधिकारी कोतवाली के नेतृत्व में वाटर ब्राउजर और वाटर टेंडर सहित कई गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पहुंचने पर टीम ने देखा कि फैक्टरी के प्रथम तल पर स्थित टीन शेड आग से क्षतिग्रस्त होकर नीचे गिर गई थी। आग पाउचिंग मशीन और झाड़ू के कवर आदि में लगी थी। उन्होंने बताया कि फायर ब्रिगेड ने आग को फैलने से रोका और काफी मशक्कत के बाद आग काे काबू में कर लिया। सूचना पाकर माैके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।


