गहलोत ने खाटूश्याम मंदिर में भगदड़ से तीन महिला श्रद्धालुओं की मौत पर जताया दुख

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सीकर जिले में स्थित प्रसिद्ध खाटूश्याम मंदिर में भगदड़ से तीन महिला श्रद्धालुओं की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना जताई हैं और मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए एवं घायलों को 20-20 हजार रुपए की सहायता के निर्देश दिए।

गहलोत ने कहा कि खाटूश्यामजी के मंदिर में भगदड़ होने से तीन दर्शनार्थी महिलाओं की मृत्यु बेहद दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से उन्हें यह आघात सहने की शक्ति एवं दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की।
उन्होंने कहा कि इस हादसे की संभागीय आयुक्त द्वारा जांच की जाएगी। इस घटना में मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये एवं घायलों को 20-20 हजार रुपये सहायता राशि मुख्यमंत्री सहायता कोष (सीएमआरएफ) से देने के निर्देश दिए हैं।

इस हादसे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष डा सतीश पूनियां ने भी दुख व्यक्त करते हुए ईश्वर से शोकाकुल परिजनों को आघात सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खाटूश्यामजी मेले में श्रद्धालुओं के लिए उचित प्रबंधन पर गंभीरता से ध्यान दिया जाना चाहिए।

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने घटना पर दुख प्रकट करते हुए कहा कि खाटूश्यामजी मंदिर में भगदड़ मचने से तीन महिला श्रद्धालुओं की मृत्यु की घटना बहुत दुःखद है। इसकी जांच कर दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो। उन्होंने ईश्वर दिवंगतों की आत्मा को शांति तथा घायलों को स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने की प्रार्थना की।

इसी तरह नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट तथा अन्य कई नेताओं ने भी इस गहरा दुख व्यक्त किया और ईश्वर से दिवंगतों की आत्मा को शांति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *