गढ़मुक्तेश्वर/मुजफ्फरनगर। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गढ़मुक्तेश्वर में आयोजित कार्तिक गंगा मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए ढाई हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती और व्यापक सुरक्षा इंतजामों के दावों के बीच बाइक और मोबाइल लूटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मेरठ सेक्टर की तरफ शौच के लिए गए दो युवकों को बदमाशों ने घेर लिया और उनके साथ मारपीट करते हुए बाइक तथा मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित किसी तरह अपने परिजनों के पास पहुंचे और उन्हें पूरी जानकारी दी। शुक्रवार को परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मेले में हुई इस घटना से श्रद्धालुओं में नाराजगी है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

परिवार से मिलने बाइक लेकर मेले में पहुंचा था लवि

मुजफ्फरनगर जनपद के गांव अहरोड़ा निवासी सोनू ने बताया कि उनका परिवार काफी समय से गढ़मुक्तेश्वर के गंगा मेले में डेरा डाले हुए है। शुक्रवार शाम उनका भतीजा लवि बाइक से परिवार के सदस्यों से मिलने मेला स्थल पर पहुंचा था। कुछ समय बाद लवि अपने एक साथी के साथ शौच के लिए बाइक लेकर मेरठ सेक्टर की तरफ चला गया। आरोप है कि इसी दौरान सुनसान स्थान पर कुछ बदमाशों ने दोनों युवकों को घेर लिया। बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और बाइक तथा मोबाइल फोन लूटकर मौके से फरार हो गए। अचानक हुई घटना से दोनों युवक घबरा गए। किसी तरह वहां से निकलकर वे वापस अपने परिवार के पास पहुंचे और परिजनों को पूरी घटना बताई।
तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
युवकों के साथ मारपीट और लूटपाट की जानकारी मिलने पर परिवार के सदस्यों में रोष फैल गया। शुक्रवार को पीड़ित परिवार के लोग कोतवाली पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी देते हुए तहरीर सौंपी। परिजनों ने आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और लूटी गई बाइक तथा मोबाइल फोन बरामद कराने की मांग की। उनका कहना है कि लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी वाले धार्मिक मेले में इस तरह की घटना होना बेहद चिंताजनक है। श्रद्धालु परिवार के साथ धार्मिक आयोजन में शामिल होने के लिए आते हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी है।
ढाई हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती के दावों पर उठे सवाल
कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले में लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मेला क्षेत्र में ढाई हजार से अधिक पुलिसकर्मियों के साथ विभिन्न थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई है। इसके अलावा अलग-अलग सेक्टरों में सुरक्षा और निगरानी की व्यवस्था की गई है। इसके बावजूद दो युवकों के साथ मारपीट कर बाइक और मोबाइल लूटने के आरोप ने सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
श्रद्धालुओं का कहना है कि मेले में मुख्य मार्गों और भीड़भाड़ वाले स्थानों के साथ-साथ सुनसान रास्तों पर भी पुलिस की नियमित गश्त होनी चाहिए। खासकर उन स्थानों पर निगरानी बढ़ाने की जरूरत है, जहां श्रद्धालुओं का आवागमन कम रहता है। लोगों का कहना है कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल मिलना चाहिए, ताकि वे बिना किसी भय के धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल हो सकें।
सीओ बोले, तहरीर के आधार पर कराई जा रही जांच
मामले में सीओ राहुल यादव ने बताया कि इस संबंध में तहरीर प्राप्त हुई है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

