खतौली में भाकियू की हुंकार! किसान-मजदूर पंचायत से प्रशासन को अल्टीमेटम, समस्याएं नहीं सुलझीं तो होगा बड़ा आंदोलन

खतौली में भाकियू की हुंकार! किसान-मजदूर पंचायत से प्रशासन को अल्टीमेटम, समस्याएं नहीं सुलझीं तो होगा बड़ा आंदोलन

खतौली (मुजफ्फरनगर)। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के बैनर तले मोहल्ला शराफत कॉलोनी में विशाल किसान-मजदूर संवाद पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत में किसानों और मजदूरों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। संगठन के विस्तार, किसानों के अधिकारों और प्रशासनिक कार्यशैली को लेकर भी मंथन हुआ। इस दौरान भाकियू नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ और समस्याओं का समय रहते समाधान नहीं किया गया, तो संगठन आंदोलन तेज करते हुए अधिकारियों का घेराव करेगा।

पंचायत को संबोधित करते हुए भाकियू के जिलाध्यक्ष नवीन राठी ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, लेकिन आज भी वह अपनी बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक किसान और मजदूर एकजुट नहीं होंगे, तब तक उनकी आवाज प्रभावी ढंग से शासन और प्रशासन तक नहीं पहुंच पाएगी। उन्होंने किसानों से जाति, बिरादरी और राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

नवीन राठी ने कहा कि गांव-गांव और घर-घर तक संगठन का विस्तार करना समय की आवश्यकता है। उनका कहना था कि मजबूत संगठन ही किसानों के अधिकारों की रक्षा कर सकता है और उनकी समस्याओं का समाधान कराने में प्रभावी भूमिका निभा सकता है।

एनसीआर उत्तर प्रदेश प्रभारी कपिल सोम ने प्रशासन पर किसानों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं के नाम पर किसानों का उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय किसान यूनियन किसी भी कीमत पर किसानों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं करेगी।

कपिल सोम ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द और न्यायपूर्ण समाधान नहीं किया गया तो संगठन सड़कों पर उतरकर व्यापक आंदोलन करेगा और जिम्मेदार अधिकारियों के कार्यालयों का घेराव भी किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की मांग की।

ब्लॉक अध्यक्ष सतेंद्र सिंह चौहान ने संगठन की मजबूती और अनुशासन पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर किसानों को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया। वहीं तहसील अध्यक्ष ललित त्यागी ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन का इतिहास किसानों के अधिकारों के लिए संघर्ष का रहा है और संगठन भविष्य में भी किसानों की हर लड़ाई मजबूती से लड़ता रहेगा।

संवाद पंचायत की अध्यक्षता जुल्फिकार ने की, जबकि संचालन एनसीआर महामंत्री सचिन चौधरी ने किया। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष गुड्डू चौधरी, जिला महामंत्री संजीव राठी, मनीष प्रधान, मुज्जमिल राणा, असद खान शालू, शाकिब, शिवा अहलावत, अंकित चंदेल, दीपांकर चौधरी, अंकुश प्रधान, विदेश मोतला, रवि सहरावत, आकाश कुमार, सुनील कुमार, अलीम सैफी, मोहित शर्मा सहित बड़ी संख्या में किसान, मजदूर और भाकियू कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *