कौन बनेगा देश का अगला उपराष्ट्रपति? आज होगा चुनाव, जगदीप धनखड़ और मार्गरेट अल्वा के बीच मुकाबला

देश के नए उपराष्ट्रपति के निर्वाचन के लिए आज शनिवार को मतदान किया जाएगा। उपराष्ट्रपति की दौड़ में  राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार जगदीप धनखड़ और विपक्ष की संयुक्त उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा  शामिल है। आंकड़ों के लिहाज से देखा जाए तो पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल धनखड़ की जीत सुनिश्चित लग रही है।  80 वर्षीय अल्वा कांग्रेस की वरिष्ठ नेता हैं और वह राजस्थान के राज्यपाल के रूप में भी काम कर चुकी हैं। धनखड़ 71 वर्ष के हैं और वह राजस्थान के प्रभावशाली जाट समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। देश और दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ बनें रहें।

संसद भवन में मतदान सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। इसके तुरंत बाद मतों की गिनती भी की जाएगी और देर शाम तक निर्वाचन अधिकारी द्वारा देश के नए उपराष्ट्रपति के नाम की घोषणा कर दी जाएगी वहीं नए उपराष्ट्रपति 11 अगस्त को शपथ लेंगे।

बता दें कि उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए लोकसभा और राज्यसभा के सभी सदस्य चुनाव के निर्वाचक मंडल में शामिल होते हैं, इसमें मनोनीत सदस्य भी मतदान करने के पात्र होते हैं। संसद में सदस्यों की मौजूदा संख्या 788 है और वहीं चुनाव जीत के लिए 390 से अधिक मतों की आवश्यकता होती है।

लोकसभा में बीजेपी के कुल 303 सांसद हैं तो NDA के लोकसभा में कुल 336 सदस्य हैं।  वहीं राज्यसभा में बीजेपी के 91 (4 नॉमिनेटेड सहित) सदस्य हैं और एनडीए के कुल 109 सदस्य हैं, ऐसे में अब एनडीए के पास दोनों सदनों में कुल 445 सदस्य हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *