पुणे। पुणे के 26 साल के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में आरोपी सिया गोयल के परिजनों से लगातार दूसरी दिन पूछताछ हुई है। शनिवार को सिया के माता-पिता और उसका भाई साहिल लोनावला पुलिस थाने में हाजिर हुए, जहां पुलिस ने उनसे केतन हत्याकांड में पूछताछ की।

पुणे पुलिस ने सिया के माता-पिता के साथ-साथ साहिल को भी पूछताछ के लिए बुलाया था। इसके बाद सिया के परिजन शनिवार सुबह लोनावला थाने में पहुंचे। इससे पहले, शुक्रवार को सिया के भाई साहिल से पुलिस ने लगभग 10 घंटे पूछताछ की थी। लोनावला ग्रामीण पुलिस के एक अधिकारी ने पुष्टि की कि साहिल को पूछताछ के लिए बुलाया गया था और कई घंटे तक पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, साहिल शुक्रवार सुबह पूछताछ के लिए पहुंचा था और देर शाम उसे जाने की अनुमति दी गई। इस दौरान अधिकारियों ने उससे सिया और सह-आरोपी चेतन चौधरी के रिश्ते, उनके संपर्क और मामले से जुड़े कई अहम पहलुओं पर सवाल पूछे।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में साहिल ने कहा, “अगर सिया ने कहा होता कि उसे केतन पसंद नहीं है, तो हम शादी रुकवा देते।” इस मामले में सिया गोयल पर अपने मंगेतर केतन अग्रवाल की हत्या का आरोप है। शुरुआत में उनकी मौत को ट्रैकिंग के दौरान हुआ हादसा माना गया था, लेकिन बाद में जांच में इसे सुनियोजित हत्या की साजिश बताया गया। पुलिस ने बताया कि 18 जून को लोनावला के लोहगढ़ किले पर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर केतन अग्रवाल की पहाड़ से धक्का देकर हत्या की थी। जांच एजेंसियों का मानना है कि दोनों ने यह साजिश इसलिए रची, क्योंकि सिया नवंबर में होने वाली शादी नहीं करना चाहती थी। केतन अग्रवाल अपने परिवार की रियल एस्टेट कंपनी सक्सेस ग्रुप में निदेशक और चीफ मार्केटिंग ऑफिसर था।

