केजरीवाल का बड़ा दावा, IB की रिपोर्ट में गुजरात में बन रही AAP की सरकार…अपना वोट बंटने न दें

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुजरात में ‘बड़े बदलाव’ के लिए आगामी राज्य विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी (AAP) के पक्ष में भारी मतदान करने और कुल 182 सीट में से 150 सीट पर जीत हासिल करने में मदद करने की मतदाताओं से अपील की। केजरीवाल ने मतदाताओं से कांग्रेस को वोट न देने की भी अपील की और कहा कि यदि कांग्रेस के पक्ष में मतदान किया जाता है तो उससे सत्तारूढ़ भाजपा को चुनाव जीतने में मदद मिलेगी। केजरीवाल ने दावा किया कि AAP को हराने के उद्देश्य में भाजपा और कांग्रेस दोनों एकजुट हैं।

भाजपा शासित गुजरात में इस साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं। केजरीवाल ने सुरेंद्रनगर शहर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘सिर्फ 50 दिन बचे हैं। जोर लगाइए, ताकि हमें कम से कम 150 सीट मिलें। हमें एक बड़े बदलाव की जरूरत है, 90-95 सीट से काम नहीं चलेगा। दिल्ली के लोगों ने हमें 70 में से 67 सीट दी, पंजाब के लोगों ने हमें 117 में से 92 सीट पर विजयी बनाया। क्या गुजरात के लोग पंजाब और दिल्ली दोनों को पीछे नहीं छोड़ेंगे, उनका रिकॉर्ड नहीं तोड़ेंगे?” उन्होंने यह भी दावा किया कि केंद्र के खुफिया ब्यूरो (IB) ने कहा है कि अगर आज गुजरात विधानसभा चुनाव होते हैं तो ‘आप’ बहुत कम अंतर से जीतेगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *