कुछ लोग अपनी राजनीतिक रोटियां सेकना चाहते हैं’, अनुराग ठाकुर ने युवाओं से कहा- हिंसा का रास्ता ठीक नहीं

अग्निपथ योजना को लेकर देशभर में चल रहे बवाल के बीच केंद्रीय खेल एवं युवा मंत्री अनुराग ठाकुर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। अनुराग ठाकुर ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि हिंसा का रास्ता ठीक नहीं है। न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक अनुराग ठाकुर ने कहा कि युवाओं से अनुरोध है कि हिंसा का रास्ता अपनी बात रखने के लिए ठीक नहीं है। ‘अग्निपथ’ युवाओं के हित में और देश को और सुरक्षित बनाने के लिए लिया गया निर्णय है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि हिंसा फैलाने से, उपद्रव मचाने से कुछ नहीं होगा…कुछ लोग अपनी राजनीतिक रोटियां सेकना चाहते हैं।

अनुराग ठाकुर ने आगे कहा कि CAPF में भी अग्निवीरों को प्राथमिकता देने की बात की गई है, आयु में भी रियायत दी जाएगी। इसके साथ ही युवा नेता ने कहा कि हमारा विभाग भी विचार कर रहा है कि अग्निवीरों को 4 साल की सर्विस के बाद ट्रेनिंग देकर जो लोग शारीरिक शिक्षा के अध्यापक बनना चाहते हैं उनके लिए हम क्या कर सकते हैं। वहीं इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि प्रधानमंत्री को माफीवीर बनना होगा, अग्निपथ योजना वापस लेनी ही पड़ेगी। उन्होंने लिखा कि आठ वर्षों से भाजपा सरकार ने ‘जय जवान, जय किसान के मूल्यों का लगातार अपमान किया है। मैंने पहले भी कहा था कि प्रधानमंत्री जी को काले कृषि कानून वापस लेने पड़ेंगे। ठीक उसी तरह उन्हें ‘माफीवीर’ बनकर देश के युवाओं की बात माननी पड़ेगी और ‘अग्निपथ’ को वापस लेना ही पड़ेगा।

वहीं, बिहार के कई हिस्सों में लगातार चौथे दिन भी अग्निपथ योजना के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने शनिवार को जहानाबाद जिले में तेहटा पुलिस चौकी परिसर के अंदर खड़े एक ट्रक और एक बस समेत कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया। वामपंथी अखिल भारतीय छात्र संघ (आईसा) के नेतृत्व में छात्र संगठनों द्वारा आहूत राज्यव्यापी बंद के मद्देनजर गया, बक्सर, जहानाबाद सहित राज्य के कुछ अन्य हिस्सों में शनिवार को सड़क परिवहन सेवाएं प्रभावित हुईं और आपात सेवाओं को छोड़कर अधिकांश दुकानें व अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *