काशी में अन्नकूट की धूम: मां अन्नपूर्णा को छप्पन भोग, लड्डुओं से सजी भव्य झांकी; स्वर्णमयी दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु

काशी में अन्नकूट की धूम: मां अन्नपूर्णा को छप्पन भोग, लड्डुओं से सजी भव्य झांकी; स्वर्णमयी दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु

वाराणसी। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी में मंगलवार को अन्नकूट महोत्सव की धूम रही। स्वर्णमयी मां अन्नपूर्णा के दरबार,श्री काशी विश्वनाथ धाम सहित नगर के विभिन्न मंदिरों में भगवान को छप्पन भोग अर्पित कर भव्य झांकियां सजाई गईं। मां अन्नपूर्णा के दरबार में लड्डुओं से सजी आकर्षक झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। माता को छप्पन प्रकार के मिष्ठान्न और पकवानों का भोग लगाया गया। भोर से ही मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों ने जयकारों और डमरुओं की गूंज के बीच माता का दर्शन कर सुख-समृद्धि और अन्न-धन से परिपूर्ण रहने का आशीर्वाद मांगा।

मां अन्नपूर्णा के दरबार में पांच दिवसीय स्वर्ण प्रतिमा दर्शन उत्सव का मंगलवार को अंतिम दिन रहा। इस अवसर पर माता का विशेष श्रृंगार किया गया और विधि-विधान से आरती उतारी गई। देर रात से ही मंदिर परिसर को विभिन्न प्रकार के लड्डुओं से भव्य रूप में सजाया गया था। अंतिम दिन माता को छप्पन प्रकार की मिठाइयों और पकवानों का भोग अर्पित किया गया। मध्याह्न भोग आरती के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। देर शाम तक दर्शन-पूजन के बाद स्वर्णमयी प्रतिमा के दर्शन बंद हो जाएंगे। अब श्रद्धालु अगले वर्ष धनतेरस पर ही माता के स्वर्ण स्वरूप का दर्शन कर सकेंगे।

काशी में मान्यता है कि मां अन्नपूर्णा के दरबार में स्वयं बाबा विश्वनाथ ने काशीवासियों के भरण-पोषण के लिए भिक्षा मांगी थी। यही वजह है कि माता को अन्न और धन की अधिष्ठात्री देवी के रूप में पूजा जाता है। मान्यता है कि मां अन्नपूर्णा की कृपा से काशी में कोई भूखा नहीं सोता। अन्नकूट के अंतिम दिन स्वर्ण प्रतिमा के दर्शन करने से श्रद्धालुओं के अन्न भंडार वर्षभर भरे रहते हैं। इसी कामना के साथ बड़ी संख्या में भक्त माता के दरबार में पहुंचे।

मंदिर प्रबंधन के अनुसार, पांच दिवसीय दर्शन उत्सव के शुरुआती चार दिनों में आठ लाख से अधिक श्रद्धालु मां अन्नपूर्णा के दर्शन-पूजन कर चुके थे। इस दौरान भक्तों को प्रसाद स्वरूप 20 लाख से अधिक खजाना रूपी सिक्कों का वितरण किया गया। अंतिम दिन श्रद्धालुओं की भीड़ और बढ़ने की संभावना जताई गई।

अन्नपूर्णा मंदिर के महंत शंकर पुरी ने बताया कि मध्याह्न भोग आरती के बाद भक्तों में भोग प्रसाद वितरित किया गया। इसमें लड्डू, मगदल, बालूशाही, खुरमा, चंद्रकला, काजू बर्फी, काजू बिस्किट, बादाम बर्फी, अंजीर हलवा, बादाम हलवा, मूंग हलवा, काजू नमकीन और पंचमेवा नमकीन सहित छप्पन प्रकार के व्यंजन शामिल रहे। इसके अलावा पांच प्रकार की दाल, सवा क्विंटल चावल और 16 प्रकार के पकौड़े भी प्रसाद के रूप में श्रद्धालुओं में वितरित होंगे।

अन्य मंदिरों में भी सजी अन्नकूट की झांकी

अन्नकूट महोत्सव के अवसर पर काशी के अन्य देवालयों में भी विशेष आयोजन हुए। कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा पर आराध्य देवों को कूटे हुए अन्न से तैयार छप्पन प्रकार के मिष्ठान्न और पकवानों का भोग लगाया गया। लोहटिया स्थित बड़ा गणेश मंदिर में भी लड्डुओं से भव्य झांकी सजाई गई। वहीं, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में अन्नकूट पर्व के मद्देनजर दर्शन-पूजन की व्यवस्थाओं में बदलाव किया गया। मंदिर प्रशासन की ओर से नौ नवंबर को मध्याह्न भोग आरती के बाद से 10 नवंबर की शाम सप्तऋषि आरती तक आरती, सुगम दर्शन और रुद्राभिषेक की टिकट बुकिंग बंद रखी गई। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और पर्व के आयोजन को देखते हुए विशेष व्यवस्था की गई।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *