विदिशा। गंजबासौदा की विधायक लीना जैन का वाहन बुधवार देर शाम दुर्घटनाग्रस्त हो गया। ग्यारसपुर से बासौदा के बीच हुए हादसे में विधायक लीना जैन सहित 5 लोग घायल हो गए। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल विधायक की सास का निधन हो गया। कार में कुल 6 लोग सवार थे। घायलों को इलाज के लिए विदिशा मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया। बताते हैं कि विधायक कार में आगे बैठी थीं और गाड़ी के एयर बैग खुलने से उन्हें गंभीर चोट नहीं आई।
सास के सिर में गंभीर चोट लग गई जिससे उनकी मौत हो गई- जानकारी के अनुसार विधायक लीना जैन अपनी सास प्रेमा बाई व परिवार के अन्य लोगों के साथ ग्यारसपुर मंदिर जा रही थीं। ग्यारसपुर और बागरोद के बीच सड़क पर गाय का शव पड़ा था जिसे बचाने के दौरान कार अनियंत्रित होकर एक ट्रक से टकरा गई। हादसे में गाड़ी में सवार विधायक लीना जैन, उनकी सास प्रेमा बाई, बहू मान्या जैन और दो बच्चियों सहित ड्राइवर बंटी यादव घायल हो गए। उनकी सास के सिर में गंभीर चोट लग गई जिससे उनकी मौत हो गई। देर रात विधायक की सास के शव का पोस्टमार्टम किया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही विदिशा से कांग्रेस विधायक शशांक भार्गव जिला अस्पताल पहुंचे- हादसे के बाद कलेक्टर उमाशंकर भार्गव, एसपी मोनिका शुक्ला सहित अन्य आला अधिकारी मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। भाजपा के कई नेता भी मेडिकल कॉलेज के बाहर पहुंचे। घटना की जानकारी मिलते ही विदिशा से कांग्रेस विधायक शशांक भार्गव जिला अस्पताल पहुंचे. उन्होंने विधायक के परिजनों से मुलाकात की ।

