कानपुर में मंदिर जा रहे वृद्ध दंपति को ट्रक ने कुचला, मौके पर दोनों की मौत

कानपुर में मंदिर जा रहे वृद्ध दंपति को ट्रक ने कुचला, मौके पर दोनों की मौत

कानपुर। उत्तर प्रदेश में कानपुर नगर के जाजमऊ स्थित सिद्धनाथ मंदिर दर्शन के लिए शनिवार काे स्कूटी से जा रहे वृद्ध दंपति काे एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में दाेनाें की माैत हाे गई।स्थानीय लाेगाें ने भाग रहे चालक काे ट्रक समेत पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

छावनी सहायक पुलिस आयुक्त अमित चौरसिया ने बताया कि अहिरवां स्थित सीताराम नगर निवासी लक्ष्मीकांत (62) शर्मा और उनकी पत्नी कृष्णा देवी (60) आज सिद्धनाथ मंदिर दर्शन के लिए स्कूटी से निकले थे। लक्ष्मीकांत शर्मा नगर निगम से सफाई सुपरवाइजर पद से सेवानिवृत्त थे। परिवार के अनुसार दोनों नियमित रूप से धार्मिक स्थलों पर दर्शन करने जाते थे।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सोलंकी धर्मकांटा के पास सड़क पर बने गड्ढों के कारण यातायात प्रभावित था। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद दंपति सड़क पर गिर गए और ट्रक उन्हें कुचलता हुआ आगे बढ़ गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद का प्रयास किया, लेकिन दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने ट्रक का पीछा किया और ताड़बगिया क्षेत्र के पास उसे रुकवा लिया। भीड़ ने चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। सूचना मिलते ही जाजमऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक से पूछताछ शुरू कर दी है।

स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रीय लोगों ने हादसे के लिए सड़क की खराब स्थिति को भी जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि नमामि गंगे परियोजना के तहत हुए कार्यों के बाद कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह दुरुस्त नहीं की गई, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा सड़क किनारे भारी वाहनों की अवैध पार्किंग भी लंबे समय से समस्या बनी हुई है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने, गड्ढों को भरवाने और अवैध पार्किंग पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में भी ऐसे हादसे होते रहेंगे। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *