कानपुर में बर्रा एलिवेटेड पुल पर भीषण हादसा, ट्रैफिक सिपाही और ट्राला चालक की मौत, एक घायल

कानपुर में बर्रा एलिवेटेड पुल पर भीषण हादसा, ट्रैफिक सिपाही और ट्राला चालक की मौत, एक घायल

कानपुर। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के बर्रा एलिवेटेड पुल पर सोमवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में ड्यूटी पर जा रहे ट्रैफिक पुलिस के एक सिपाही और ट्राला चालक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य ट्रैफिक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कुछ समय तक एलिवेटेड पुल पर यातायात बाधित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस और ट्रैफिक विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

नौबस्ता बाइपास पर तैनात ट्रैफिक सिपाही जितेंद्र और राकेश को एलिवेटेड पुल पर जाम लगने की सूचना मिली थी। दोनों बाइक से मौके की ओर जा रहे थे। प्रिया अस्पताल के पास पीछे से आए तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्राला ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आगरा निवासी ट्रैफिक सिपाही जितेंद्र (35) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

हादसे के बाद अनियंत्रित ट्राला आगे चल रहे एक ट्रक से जा टकराया। इस टक्कर में ट्राला चालक की भी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने की कार्रवाई शुरू कराई।

घटना की सूचना पर अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) डॉ. विपिन टांडा और पुलिस उपायुक्त (यातायात) रवींद्र कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेकर दुर्घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।

हादसे के कारण एलिवेटेड पुल पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच में जुटी है।

अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) डॉ. विपिन टांडा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्राला की टक्कर से हादसा होना सामने आया है। दुर्घटना में एक ट्रैफिक सिपाही और ट्राला चालक की मृत्यु हुई है, जबकि दूसरे ट्रैफिक सिपाही का अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामले की सभी पहलुओं से जांच कराई जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *