कानपुर में चेन लूटकर फरार हुआ शातिर पुलिस के जाल में फंसा, मुठभेड़ में लगी गोली; साथी अंधेरे में फरार

कानपुर में चेन लूटकर फरार हुआ शातिर पुलिस के जाल में फंसा, मुठभेड़ में लगी गोली; साथी अंधेरे में फरार

कानपुर। यशोदा नगर क्षेत्र में बुजुर्ग महिला से चेन लूट की वारदात में शामिल एक आरोपित को नौबस्ता पुलिस ने मंगलवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में शातिर के पैर में गोली लगी, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला। घायल को उपचार के लिए कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र चौधरी ने बताया कि 23 मई को ख्वीद नगर में रहने वाली दुकानदार कुसुम अवस्थी से सिगरेट खरीदने का बहाना बनाकर दो बदमाशों ने चेन लूट ली थी। घटना के बाद भागते समय उनकी बाइक फिसल गई थी। इस दौरान एक लुटेरा पैदल भागा, जबकि दूसरा बाइक लेकर फरार हो गया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की तलाश शुरू की थी।

जांच के दौरान पता चला कि वारदात के बाद आरोपियों ने गल्ला मंडी क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप से ईंधन भी भरवाया था। मंगलवार रात सूचना मिली कि दोनों बदमाश हंसपुरम इलाके में किसी नई वारदात की तैयारी में घूम रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपियों ने बचने के लिए फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपित घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी पहचान हनुमंत विहार थाना क्षेत्र के सागरपुरी निवासी गोलू के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।

आगे उन्होंने बताया कि गोलू के खिलाफ चकेरी और नौबस्ता थानों में चोरी और लूट के तीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं। फरार आरोपी की गिरफ्तारी, लूटी गई चेन की बरामदगी और उसे खरीदने वाले लोगों की पहचान के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *