कानपुर में गंगा का तेज बहाव बना काल! नहाने गए दो मौसेरे भाई गहरे पानी में समाए, चौथे दिन भी नहीं मिला सुराग

कानपुर में गंगा का तेज बहाव बना काल! नहाने गए दो मौसेरे भाई गहरे पानी में समाए, चौथे दिन भी नहीं मिला सुराग

कानपुर। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र के गुजारा गंगा घाट पर सोमवार को डूबे दो मौसेरे भाइयों का गुरुवार काे भी कोई सुराग नहीं मिल सका। गुरुवार को भी पुलिस और जल पुलिस की टीमें गोताखोरों की मदद से दोनों युवकों की तलाश में जुटी हैं। तेज बहाव के कारण रेस्क्यू टीमों को लगातार चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।

सचेण्डी थाना क्षेत्र के चकरपुर मंडी निवासी अभिषेक सोनकर सोमवार दोपहर अपने चचेरे भाई आशिक सोनकर (16) और मौसेरे भाई सतीश सोनकर (18) के साथ बाइक से बिठूर के गुजारा गंगा घाट पहुंचे थे। तीनों गंगा में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान आशिक और सतीश चेतावनी रस्सी पार कर गहरे पानी की ओर चले गए और तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गए।

हादसे के बाद से ही पुलिस और जल पुलिस की टीमें दोनों की तलाश कर रही हैं। बुधवार को घटनास्थल से लेकर सरसैया घाट तक करीब 15 किलोमीटर के दायरे में सर्च ऑपरेशन चलाया गया था। गुरुवार को भी इसी क्षेत्र में संभावित स्थानों पर गोताखोरों को उतारकर तलाश कराई जा रही है। इन्हीं घटनाओं को संज्ञान में लेते हुए बुधवार को पुलिस आयुक्त ने भी स्टीमर से सरसैया घाट से अटल घाट तक गंगा का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने घाटों पर मौजूद लोगों को गंगा के तेज बहाव को देखते हुए सतर्क रहने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की सलाह दी थी।

डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम अब्बासी ने बताया कि दोनों युवकों की तलाश लगातार जारी है। पुलिस और जल पुलिस की टीमें गोताखोरों की मदद से प्रयास कर रही हैं। तेज बहाव के कारण तलाश में कठिनाई आ रही है, लेकिन दोनों को बरामद करने के लिए अभियान जारी है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *