कानपुर ई-ऑटो चालक हत्याकांड का खुलासा: 100 CCTV कैमरों से आरोपी की पहचान, मुठभेड़ में पैर में लगी गोली

कानपुर ई-ऑटो चालक हत्याकांड का खुलासा: 100 CCTV कैमरों से आरोपी की पहचान, मुठभेड़ में पैर में लगी गोली

कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ई-ऑटो चालक की हत्या कर फरार चल रहे आरोपित को पुलिस ने शुक्रवार देर रात को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। एचएएल परिसर के पास शव मिलने के मामले में पुलिस ने करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपित की पहचान की थी। अलकनंदा के पास घेराबंदी के दौरान आरोपित ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।

अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी शिवा सिंह ने बताया कि 12 नवंबर को चकेरी थाना क्षेत्र में एचएएल परिसर के पास एक शव मिला था। जांच में मृतक की शिनाख्त बृजनंदन यादव के रूप में हुई। परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने छानबीन शुरू की। करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और सर्विलांस की मदद से साढ़ थाना क्षेत्र निवासी राज की पहचान की गई। शुक्रवार को पुलिस टीम ने उसे घेरने का प्रयास किया तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी गोलीबारी में उसके पैर में गोली लगी। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके कब्जे से तमंचा, दो खोखा कारतूस और मृतक का ई-ऑटो बरामद हुआ है।

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि राज मजदूरी करता है और मूलरूप से साढ़ के कुर्थी गांव का रहने वाला है। वह हरजिंदर नगर में रह रहा था। 12 नवंबर की रात उसकी मुलाकात रामादेवी चौराहे पर ई-ऑटो चालक बृजनंदन यादव से हुई थी। दोनों ने साथ बैठकर शराब पार्टी करी। इसी दौरान शराब की आधी हिस्सेदारी को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी और गाली-गलौज के बाद राज उसे टटियन झनाका की सुनसान जगह पर ले गया।

वहां विवाद बढ़ने पर राज ने ईंट से बृजनंदन के सिर पर हमला कर दिया। चोट लगने से वह जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद आरोपित ने ईंट-पत्थर से कई वार किए। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपित मृतक का ई-ऑटो लेकर फरार हो गया था।

हत्या के बाद ई-ऑटो लेकर पहुंचा था ससुराल

पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद राज मृतक का ई-ऑटो लेकर अपने ससुराल सरसौल के कमालपुर पहुंच गया था। पुलिस अब उससे हत्या और ई-ऑटो से जुड़े अन्य पहलुओं पर पूछताछ कर रही है। मामले में आरोपित का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस की ओर से अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *