कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो’ यात्रा सात सितम्बर से

कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो’ यात्रा सात सितम्बर से

नयी दिल्ली। कांग्रेस ने कहा है कि उदयपुर घोषणा पत्र के अनुसार पार्टी का कन्याकुमारी से कश्मीर तक की “भारत जोड़ो” यात्रा अगले महीने सात सितम्बर से शुरु होगी।
कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने यहां पार्टी मुख्यालय में मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि आज ही के दिन नौ अगस्त 1942 को महात्मा गांधी के नेतृत्व भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने ‘भारत छोड़ो’ आंदोलन शुरू किया था और उसके पांच साल बाद देश को आजादी मिली। इस ऐतिहासिक घटना के 80 साल बाद कांग्रेस सात सितंबर से अपनी कन्याकुमारी से कश्मीर तक “भारत जोड़ो” यात्रा शुरू करेगी जो 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से होकर 150 दिन में 3,500 किमी की दूरी तय करेगी। श्री राहुल गांधी सहित कांग्रेस के नेतागण और कार्यकर्ता इसमें शामिल होंगे।
कांग्रेस उन सभी लोगों से ‘भारत जोड़ो’ यात्रा में शामिल होने की अपील की है जो भय, कट्टरता और पूर्वाग्रह की राजनीति तथा आजीविका को चोट पहुंचाने वाली, बढ़ती बेरोजगारी और असमानता वाली परिस्थितियों को बदलने का विकल्प देने वाले राष्ट्रीय प्रयास का हिस्सा बनना चाहते हैं।

इसी बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी लोगों से ‘भारत जोड़ो’ यात्रा से जुड़ने का आह्वान करते हुए ट्वीट किया “आज ही के दिन भारत छोड़ो आंदोलन की हुंकार के साथ एकजुट होकर भारतीयों ने क्रूर अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ आर-पार का संघर्ष शुरू किया था। एकजुटता हमारी सबसे बड़ी ताकत है। आइए विविधता में एकता के झंडे को बुलंद करते हुए ‘भारत जोड़ो’ व भारत में विकास के नए आयाम जोड़ने का संकल्प लें।”

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *