हरदोई: जिले के पिहानी कस्बे के मोहल्ला सर्कसपूरा में शुक्रवार रात बेटे ने पिता की पेट में चाकू मारकर हत्या कर दी। मामले की रिपोर्ट अभी तक दर्ज नहीं हुई है। पुलिस तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज किए जाने की बात कह रही है। पुलिस ने शव को मर्चरी में रखवा दिया है।

मामला सर्कसपुरा का है। यहां के रहने वाले मोहम्मद नबी के चार पुत्र हैं। एएसपी दुर्गेश ने बताया कि शुक्रवार को किसी पारिवारिक विवाद को लेकर नबी का अपने पुत्र से झगड़ा हो गया। बहस के दौरान बेटा चाकू उठा लाया। फिर पिता के कई वार करके गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद वह भाग गया।

घटना के बाद अन्य परिजन नबी को घायल अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। सूचना पर कोतवाल बेनी माधव त्रिपाठी ,अतिरिक्त कोतवाल एमपी सिंह व उप निरीक्षक मारकंडेय सिंह मौके पर गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल नबी को जिला अस्पताल रेफर किया। यहां पर उनकी मौत हो गई। मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। एएसपी का कहना है कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
मृतक की पत्नी का कहना है कि आए दिन हमलोगों से आरिफ मारपीट और गाली गलौच करता रहता था। आज उसने अपने बाप के पेट में चाकू घोंपकर जान ले ली।
