औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अछल्दा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत ग्वारी के मजरा बीरपुर में शनिवार सुबह एक सांड के हमले में 49 वर्षीय किसान की मौत हो गई। किसान अपनी मूंग की फसल को बचाने के लिए खेत गया था, तभी सांड ने उस पर हमला कर दिया।

जानकारी के अनुसार बीरपुर निवासी मान सिंह (49) पुत्र रज्जन सिंह शनिवार सुबह करीब आठ बजे अपने घर के पास स्थित खेत में खड़ी मूंग की फसल देखने गए थे। इसी दौरान एक सांड खेत में घुसकर फसल चरने लगा। किसान मान सिंह ने सांड को खेत से भगाने का प्रयास किया, लेकिन सांड ने अचानक उन पर हमला बोल दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सांड ने किसान मान सिंह को सींगों से उठाकर जमीन पर पटक दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा किसी तरह सांड को वहां से भगाया।
सूचना पर थानाध्यक्ष सुरेशचंद्र एवं उपनिरीक्षक ब्रजकिशोर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं लेखपाल धीरेंद्र कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज दी।
मृतक किसान मान सिंह परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार में पत्नी ममता देवी, 14 वर्षीय बेटी डॉली, छह वर्षीय बेटा अर्पित तथा चार वर्षीय बेटा शनि हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है।

