औरैया में सनसनी: 18 वर्षीय युवक का संदिग्ध हालात में मिला फंदे से लटका शव, जांच में जुटी पुलिस

औरैया में सनसनी: 18 वर्षीय युवक का संदिग्ध हालात में मिला फंदे से लटका शव, जांच में जुटी पुलिस

औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अछल्दा थाना क्षेत्र के बकौहा गांव निवासी 18 वर्षीय युवक सनी कुमार का शव गुरुवार सुबह ग्वारी गांव स्थित आरआरसी सेंटर के टीन शेड पर संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, सनी कुमार पुत्र रवि कुमार बीती 8 जनवरी को गांव के ही एक युवक के साथ नोएडा में डिलीवरी बॉय की नौकरी करने गया था। परिजनों के मुताबिक नौकरी पर जाने के बाद से वह घरवालों से कम बातचीत करता था। दो दिन पहले ही उसकी अपने पिता से फोन पर बात हुई थी, लेकिन उसने घर लौटने की कोई जानकारी नहीं दी थी।

गुरुवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे ग्रामीणों ने आरआरसी सेंटर के टीन शेड पर युवक का शव लटका देखा। यह दृश्य देखकर गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और बेटे का शव देखकर बिलख पड़े।

सूचना पर थानाप्रभारी सुरेशचंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को युवक के बाएं हाथ पर उसके पिता का मोबाइल नंबर लिखा मिला है, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।

थानाप्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस आत्महत्या और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

मृतक सनी अपने पीछे पिता रवि कुमार, मां मनोज कुमारी और सात वर्षीय छोटे भाई को छोड़ गया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *