औरैया में योग से निरोग रहने का संदेश, ब्लॉक परिसर में रोज लगती है निःशुल्क योग कक्षा; बच्चे-बुजुर्ग बढ़-चढ़कर ले रहे हिस्सा

औरैया में योग से निरोग रहने का संदेश, ब्लॉक परिसर में रोज लगती है निःशुल्क योग कक्षा; बच्चे-बुजुर्ग बढ़-चढ़कर ले रहे हिस्सा

औरैया। राष्ट्रीय आयुष मिशन उत्तर प्रदेश सरकार से संचालित योग वैलनेस सेंटर, राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय की ओर से लोगों को योग के माध्यम से स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन जीने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है। स्थानीय ब्लॉक परिसर में प्रतिदिन प्रातःकाल योग साधकों को निःशुल्क सामूहिक योगाभ्यास कराया जाता है। इसमें बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक हिस्सा लेकर शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।

योग प्रशिक्षक योगेंद्र कुमार के निर्देशन में योग साधकों को भागदौड़ भरी जिंदगी में अनियमित दिनचर्या के बावजूद स्वयं को स्वस्थ रखने के विभिन्न व्यवहारिक उपाय बताए जाते हैं। योगाभ्यास की शुरुआत सूक्ष्म व्यायाम से की जाती है। इसके बाद चक्की चालन, कमर, घुटने और गर्दन के संचालन की विधि का अभ्यास कराया जाता है। साधकों को कपालभाति, भस्त्रिका और अनुलोम-विलोम प्राणायाम भी कराया जाता है।

योग प्रशिक्षक साधकों को योग की विभिन्न क्रियाओं के साथ नियमित दिनचर्या, संतुलित जीवनशैली और मानसिक शांति के महत्व की जानकारी भी देते हैं। उनका कहना है कि वर्तमान समय में भागदौड़ और अनियमित जीवनशैली के कारण लोग अपने स्वास्थ्य पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे पाते। ऐसे में नियमित योगाभ्यास शरीर को सक्रिय रखने के साथ ही मन को शांत रखने में सहायक हो सकता है।

वरिष्ठ योग प्रशिक्षक एवं योग-प्राकृतिक चिकित्सक योगेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि वह बीते आठ वर्षों से योग वैलनेस सेंटर की गतिविधियों के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

सेंटर का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़कर स्वस्थ रहने के प्रति जागरूक करना है। योग के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने, संयमित दिनचर्या अपनाने और स्वस्थ जीवन जीने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों में हजारों लोग योग वैलनेस सेंटर की गतिविधियों से जुड़े हैं। लोगों में योग और प्राकृतिक जीवनशैली के प्रति बढ़ती रुचि को सेंटर की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *