औरैया में मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर सपा ने दी श्रद्धांजलि, संघर्ष और समाजवादी विचारधारा को किया याद

औरैया में मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर सपा ने दी श्रद्धांजलि, संघर्ष और समाजवादी विचारधारा को किया याद

औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर शनिवार को समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय ककोर में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके जीवन दर्शन, राजनीतिक संघर्ष और समाजवादी विचारधारा पर चर्चा की।

सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने कहा कि धरतीपुत्र मुलायम सिंह यादव का जीवन संघर्ष, जनसेवा और सामाजिक न्याय के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा है। 22 नवंबर 1939 को इटावा जिले के सैफई गांव में किसान परिवार में जन्मे मुलायम सिंह यादव ने छात्र राजनीति से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की। राजनीति शास्त्र में डिग्री हासिल करने के बाद उन्होंने कुछ समय तक इंटर कॉलेज में अध्यापन भी किया। वर्ष 1967 में वह पहली बार जसवंतनगर विधानसभा सीट से विधायक चुने गए।

उन्होंने कहा कि समाजवादी विचारक डॉ. राम मनोहर लोहिया से प्रभावित होकर राजनीति में आए मुलायम सिंह यादव ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। वह तीन बार प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे और केंद्र सरकार में रक्षा मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाली। वह दस बार विधायक और सात बार सांसद चुने गए। उनकी राजनीतिक सूझबूझ और जनसंपर्क ने उन्हें राष्ट्रीय राजनीति में भी महत्वपूर्ण स्थान दिलाया। वर्ष 1992 में उन्होंने समाजवादी पार्टी की स्थापना की और समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाया।

वरिष्ठ सपा नेता लाल जी शुक्ला ने कहा कि मुलायम सिंह यादव राजनीतिक परिस्थितियों को समझने और विभिन्न दलों के बीच सामंजस्य स्थापित करने में माहिर थे। उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में कई राजनीतिक संगठनों के साथ काम किया। इनमें डॉ. राम मनोहर लोहिया की संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी, चौधरी चरण सिंह से जुड़े भारतीय क्रांति दल, भारतीय लोकदल और समाजवादी जनता पार्टी प्रमुख रहे। बाद में उन्होंने समाजवादी पार्टी की स्थापना कर प्रदेश की राजनीति को नई दिशा दी। उनकी विचारधारा और संघर्ष आज भी समाजवादी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

इस दौरान वरिष्ठ सपा नेता लाल जी शुक्ला, महेंद्र त्रिपाठी, राजेश राजपूत, विधानसभा अध्यक्ष राजकुमार गौतम, रामरतन दोहरे सहित कई पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *