औरैया में मजदूरी कर घर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, पत्नी और तीन मासूम बच्चों का सहारा छिना

औरैया में मजदूरी कर घर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, पत्नी और तीन मासूम बच्चों का सहारा छिना

औरैया। मजदूरी कर बाइक से घर लौट रहे एक मजदूर की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

फफूंद नगर के मोहल्ला लोधियान निवासी गौरव कुमार (26) मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। शुक्रवार को वह क्षेत्र के गांव चिरैयापुर में एक टैंक की सफाई करने गया था। देर रात काम समाप्त कर वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान औरैया मार्ग पर स्थित सुक्खू के अड्डा गांव के सामने किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

राहगीरों ने घायल युवक को सड़क पर पड़ा देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से उसे आयुर्वेदिक चिकित्सालय चिचोली पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है। उसकी दो बेटियां परी (6 वर्ष) और चिंगी (2 वर्ष) हैं, जबकि एक पुत्र की उम्र मात्र एक माह है।

थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *