औरैया में दलित परिवार का आरोप: नाबालिगों से सफाई कराने और मारपीट का मामला, क्लीनिक संचालकों पर केस दर्ज

औरैया में दलित परिवार का आरोप: नाबालिगों से सफाई कराने और मारपीट का मामला, क्लीनिक संचालकों पर केस दर्ज

औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में कोतवाली क्षेत्र के आर्यनगर निवासी एक दलित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने फिरोजनगर स्थित एक निजी क्लीनिक के संचालकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले में नाबालिग बच्चों से जबरन सफाई कार्य कराने, विरोध करने पर मारपीट, जातिसूचक गालियां देने, महिला से छेड़छाड़ करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं।

आर्यनगर निवासी राजवीर सिंह पुत्र हरीकृष्ण ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह वाल्मीकि समाज से हैं। उनका आरोप है कि फिरोजनगर निवासी पप्पू पाण्डेय, विनोद पाण्डेय, गुड्डू पाण्डेय तथा अन्य लोग उनके भाई राज, स्वयं राजवीर और चाचा के नाबालिग पुत्र अंश व कृष्ण से अपने क्लीनिक में झाड़ू-पोछा, शौचालय की सफाई सहित अन्य कार्य कराते थे। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट और जातिसूचक गालियां दी जाती थीं।

शिकायत के अनुसार, 15 जुलाई की शाम को क्लीनिक बुलाया गया, जहां चारपाई छूने की बात को लेकर उसके साथ मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पहुंचे राजवीर पर कैंची से हमला कर घायल कर दिया गया। आरोप है कि घटना की जानकारी मिलने पर क्लीनिक पहुंची जयलक्ष्मी के साथ अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ की गई। विरोध करने पर आरोपितों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने देर रात भारतीय न्याय संहिता और एससी-एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

वहीं, क्षेत्राधिकारी सिटी शैलेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि अजीतमल तिराहे पर स्थित पाण्डेय क्लीनिक में राज नाम का युवक कार्य करता था। उसका बड़ा भाई राजवीर उसके वहां काम करने के पक्ष में नहीं था। इसी बात को लेकर राजवीर क्लीनिक पहुंचा, जहां कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। उन्होंने बताया कि घायल का चिकित्सीय परीक्षण करा लिया गया है तथा सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *