औरैया में ट्रेन की चपेट में आकर अज्ञात युवक की मौत, राजधानी एक्सप्रेस रुकी

औरैया में ट्रेन की चपेट में आकर अज्ञात युवक की मौत, राजधानी एक्सप्रेस रुकी

औरैया। दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में स्थित अछल्दा स्टेशन के पास सोमवार रात एक दर्दनाक हादसे में अज्ञात युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैक पर शव पड़े होने के कारण राजधानी एक्सप्रेस को करीब 15 मिनट तक रोकना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 9:07 बजे 12310 राजेंद्र नगर तेजस राजधानी एक्सप्रेस के लोको पायलट ने अछल्दा स्टेशन मास्टर को सूचना दी कि डाउन लाइन पर खंभा संख्या 1117/16 के पास एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया है। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया।

ट्रैक पर शव पड़े होने के कारण कानपुर की ओर जा रही राजधानी एक्सप्रेस को आउटर के होम सिग्नल पर रोकना पड़ा। स्टेशन मास्टर की सूचना पर मौके पर पहुंचे पॉइंट मैन ने ट्रैक से शव को हटाया, जिसके बाद लगभग 15 मिनट बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।

मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है। उसके शरीर पर केवल नीले रंग का जांघिया था, जबकि घटनास्थल पर नारंगी रंग की शर्ट, नीले रंग का लोवर और एक लाल बेल्ट भी पड़ी मिली। युवक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी।

घटना की सूचना स्टेशन मास्टर द्वारा जीआरपी फफूंद को दी गई। जीआरपी प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पहचान होने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *