औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद की औरैया ब्लाक के ग्राम मधूपुर में पेयजल व्यवस्था में बदलाव आया है। गांव के सभी 440 घरों में घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध करा दिए गए हैं। अब ग्रामीणों को सुबह और शाम नियमित रूप से नल से पानी मिल रहा है।

गांव में प्रतिदिन सुबह दो घंटे और शाम दो घंटे जलापूर्ति की जा रही है। योजना शुरू होने से पहले ग्रामीण पेयजल के लिए मुख्य रूप से हैंडपंप और कुओं पर निर्भर थे। अब घरों में नल से पानी मिलने के कारण रोजमर्रा की जरूरतें आसानी से पूरी हो रही हैं। जलापूर्ति व्यवस्था के संचालन के लिए गांव में 16.4 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित किया गया है।

गांव में कुल 5792.40 मीटर पाइपलाइन बिछाई गई है। इसके दौरान प्रभावित हुई 5.076 किलोमीटर सड़क का रेस्टोरेशन शत-प्रतिशत पूरा करा लिया गया है। पेयजल की गुणवत्ता की जांच के लिए व्यवस्था की गई है। साथ ही ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति भी सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।
ग्रामीणों को मिल रही राहत
ग्राम मधूपुर निवासी नेहा ने बताया कि उनके घर में सुबह और शाम नियमित रूप से पानी आता है। घर पर ही नल से पानी मिलने के कारण रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना आसान हो गया है। वहीं पूजा ने बताया कि पहले पानी भरने के लिए करीब 100 मीटर दूर कुएं तक जाना पड़ता था। अब घर पर पानी उपलब्ध होने से समय और श्रम दोनों की बचत हो रही है। अन्नपूर्णा ने भी नियमित जलापूर्ति से परिवार को मिल रही राहत की जानकारी दी।
जनपद में 2.15 लाख से अधिक घरों तक पहुंचे कनेक्शन
जल जीवन मिशन के तहत जनपद में कुल 2,17,903 ग्रामीण परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित है। इसके सापेक्ष अब तक 2,15,120 परिवारों को कनेक्शन दिए जा चुके हैं। जनपद की कुल ग्रामीण आबादी 11,45,323 है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिदिन सुबह और शाम दो-दो घंटे जलापूर्ति की जा रही है। औसतन प्रति व्यक्ति प्रतिदिन 55 लीटर पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।
जनपद में अब तक 353 गांवों को हर घर जल प्रमाणित किया जा चुका है। नियमित जलापूर्ति का लाभ 2,06,385 ग्रामीण परिवारों तक पहुंच रहा है। इसके अलावा जलापूर्ति व्यवस्था के सुचारु संचालन के लिए जिले में सोलर आधारित 331 पेयजल योजनाएं संचालित हैं।
3534 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई गई।
जनपद में जल जीवन मिशन के तहत कुल 3534 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई गई है। इस दौरान 2343 किलोमीटर सड़क प्रभावित हुई, जिसमें से 2342 किलोमीटर सड़क का रेस्टोरेशन पूरा कराया जा चुका है। विभाग की ओर से पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों की बहाली पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
पानी के 2358 नमूनों की जांच, 1473 शिकायतों का निस्तारण
पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए चालू वर्ष में 1190 केमिकल और 1168 बैक्टीरियल पानी के नमूनों की जांच कराई गई है। जलापूर्ति से संबंधित कुल 1483 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 1473 का निस्तारण किया जा चुका है। वर्तमान में 10 शिकायतें लंबित हैं।
इनका है कहना
जलनिगम के अधिशासी अभियंता राकेश कुमार ने बताया कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को घर पर ही पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना है। इसके लिए जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने, पानी की गुणवत्ता की नियमित निगरानी और योजनाओं के सुचारु संचालन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। पाइपलाइन बिछाने के बाद प्रभावित सड़कों का रेस्टोरेशन भी प्राथमिकता से कराया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी न हो।

