सहारनपुर। सहारनपुर विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष आशीष कुमार द्वारा आज सहायक अभियंता पी0के0 शर्मा, अवर अभियंता सी0एम0 अग्रवाल के साथ विकास प्राधिकरण क्षेत्रान्तर्गत विकसित हो रही अवैध कालोनियांे तथा निर्माणों का निरीक्षण किया गया, जिसमें जनता रोड़ पर जोन-03 में ड्रीम्स कॉलेज के समीप बाउण्ड्रीवॉल एवं कमरों का निर्माण, शाकुम्बरी कॉलोनी का निर्माण, जानकी धाम कॉलोनी का निर्माण, मढ़ रोड़ पर जोन-03 में गोल्डन सिटी अवैध कॉलोनी का निर्माण/विकास कार्य, बेहट रोड़ पर जोन-08 में स्कील्ड स्कूल के पास हाजी इदरीश द्वारा अवैध कॉलोनी का निर्माण, देवला के निकट सिंघल द्वारा अवैध कॉलोनी का निर्माण पाया गया। उपाध्यक्ष द्वारा सभी कॉलोनियों में दस दिवस में ध्वस्तीकरण की कार्यवाही कराने हेतू सचिव तथा अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया गया। एसडीए उपाध्यक्ष आशीष कुमार ने बताया कि आज ्रप्रातः विकास प्राधिकरण के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर निर्देशित किया गया कि यदि कोई नई कॉलोनी विकसित होती पायी जाती है तो उसके विरूद्ध तुरन्त चालानी कार्यवाही करते हुए पन्द्रह दिवस में ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की जाये। साथ ही निर्माणकर्ता के विरूद्ध फौजदारी न्यायालय में अभियोजन दायर कराना सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा कि यदि पूर्व में किसी कॉलोनी का ध्वस्तीकरण किया जा चुका है और पुनः उसमें निर्माण कार्य होता पाया जाये तो उसको तुरन्त ध्वस्त किया जाये तथा न्यायालय को भी प्राधिकरण अधिवक्ता के माध्यम से सूचना प्रेषित की जाये। यदि किसी निर्माणकर्ता द्वारा कॉलोनी विकसित करने में अवैध मिट्टी भराई का कार्य किया जा रहा है तो उसके विरूद्ध जिलाधिकारी सहारनपुर को अवैध मिट्टी खनन के सम्बन्ध में तुरन्त सूचना देते हुए कार्यवाही हेतू पत्र प्रेषित किया जाये।


