लखनऊ। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व डाला छठ का सोमवार को पूरे उत्तर प्रदेश में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ समापन हुआ। पर्व के चौथे और अंतिम दिन भोर में लाखों व्रती महिलाओं ने नदियों, तालाबों, सरोवरों और जलाशयों के तट पर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इसी के साथ 36 घंटे तक चलने वाला निर्जला व्रत संपन्न हुआ। सूर्यदेव और छठी मइया की आराधना के लिए प्रदेशभर के घाटों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा। हर ओर छठी मइया के पारंपरिक गीतों, शंखध्वनि और जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या, गोरखपुर, मिर्जापुर, बलिया, आजमगढ़, देवरिया सहित प्रदेश की राजधानी लखनऊ, कानपुर, आगरा और झांसी तक छठ महापर्व की अनुपम छटा देखने को मिली। भोर होने से पहले ही व्रती महिलाएं अपने परिजनों के साथ गंगा, गोमती, सरयू, वरुणा, चंद्रप्रभा, रामगंगा और सोन सहित विभिन्न नदियों के घाटों पर पहुंच गई थीं। ईख, फल, दीपक और पूजन सामग्री से सजे दउरे लेकर घाटों पर पहुंचीं महिलाओं ने विधि-विधान से छठी मइया की पूजा-अर्चना की। अरुणोदय के साथ ही व्रतियों ने दूध और जल से भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की।

प्रदेश के प्रमुख नदियों के घाटों के साथ ही तालाबों, सरोवरों और ग्रामीण क्षेत्रों के जलाशयों पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। कई स्थानों पर सुबह होते-होते घाटों पर तिल रखने तक की जगह नहीं बची।
काशी के गंगा घाटों पर पूरी रात गूंजते रहे छठी मइया के गीत
काशीपुराधिपति बाबा विश्वनाथ की नगरी में डाला छठ की भव्यता देखते ही बनी। दशाश्वमेध, अस्सी, पंचगंगा, सामने घाट, तुलसी घाट, हनुमान घाट, सिंधिया घाट और भैसासुर घाट सहित गंगा के विभिन्न तटों पर हजारों व्रती महिलाएं पूरी रात छठी मइया की आराधना में लीन रहीं। ओस और ठंड के बावजूद महिलाओं के उत्साह और आस्था में कोई कमी नहीं दिखी।
घाटों पर ‘उग हो सूरज देव, भइल अरघ के बेर’ और ‘पुरुबे से उगले नारायण’ जैसे पारंपरिक छठ गीतों की मधुर गूंज रातभर सुनाई देती रही। जैसे ही पूरब दिशा में सूर्य की लालिमा दिखाई देने लगी, व्रती महिलाएं जल में खड़े होकर अर्घ्य देने की तैयारी में जुट गईं। सूर्यदेव के उदय होते ही जयकारों और आतिशबाजी से गंगा घाट गूंज उठे। महिलाओं ने पूरे विधि-विधान से अर्घ्य अर्पित कर व्रत का पारण किया। इसके बाद प्रसाद वितरण और एक-दूसरे को छठ पर्व की शुभकामनाएं देने का सिलसिला शुरू हुआ।
प्रयागराज और लखनऊ में भी घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
प्रयागराज में गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के संगम तट के अलावा बलुआघाट, शिवकुटी, अरैल और फाफामऊ घाटों पर हजारों व्रती महिलाओं ने परिवार के साथ पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। वहीं, राजधानी लखनऊ में गोमती नदी के लक्ष्मण मेला घाट, कुड़ियाघाट, झूलेलाल घाट और संझियाघाट पर छठ पूजा की विशेष रौनक रही। यहां महिलाओं ने छठी मइया की पूजा कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।
काशी के घाटों पर विदेशी पर्यटक भी हुए आस्था से अभिभूत
वाराणसी के गंगा घाटों पर छठ पूजा का अलौकिक दृश्य देखने पहुंचे विदेशी पर्यटक भी भारतीय संस्कृति और व्रती महिलाओं की अटूट आस्था से अभिभूत नजर आए। घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, पारंपरिक पूजा पद्धति और उगते सूर्य को अर्घ्य देने के दृश्य ने उन्हें खासा आकर्षित किया। कई विदेशी पर्यटकों ने इस धार्मिक अनुष्ठान की तस्वीरें खींचीं और अपने कैमरों में इस अद्भुत दृश्य को कैद किया।
नाक से माथे तक सिंदूर लगाकर घर लौटीं व्रती महिलाएं
छठ पूजा के समापन के बाद वाराणसी के घाटों पर एक और पारंपरिक दृश्य देखने को मिला। व्रती महिलाओं ने घर लौटने से पहले अपनी मांग से नाक तक गहरा नारंगी सिंदूर लगाया। इसके बाद उन्होंने दूसरी महिलाओं को भी सिंदूर लगाया। इस दौरान व्रती महिलाओं के पैर छूकर आशीर्वाद लेने के लिए श्रद्धालुओं में होड़ लगी रही। सिर पर साड़ी का पल्लू और मांग से नाक तक सजा नारंगी सिंदूर व्रती महिलाओं की विशेष पहचान बना रहा।
ज्योतिविद आचार्य उदयनाथ तिवारी के अनुसार, डाला छठ में मांग से नाक तक सिंदूर लगाने की परंपरा सौभाग्य, समर्पण और आस्था का प्रतीक मानी जाती है। सिंदूर का गहरा नारंगी रंग सूर्य की तेजस्विता और ऊर्जा का प्रतीक है। छठ व्रती महिलाएं इसे पति की दीर्घायु, परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की मंगलकामना से जोड़कर देखती हैं।
वाराणसी के हुकुलगंज नई बस्ती की व्रती गुड़िया यादव, वंदना चौबे और निशा यादव ने बताया कि छठ पूजा के दौरान नाक से माथे तक नारंगी सिंदूर लगाने की विशेष परंपरा है। इसे सुहाग और सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, ऐसा करने से पति की लंबी आयु, संतान की सुख-समृद्धि और परिवार में खुशहाली बनी रहती है।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम, शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ पर्व
छठ महापर्व के दौरान प्रदेशभर में घाटों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील घाटों पर पुलिस बल के साथ जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें तैनात रहीं। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार घाटों का निरीक्षण करते रहे। भोर के समय श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती गई। नदी में स्नान और अर्घ्य के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी करती रहीं। प्रशासन की मुस्तैदी और श्रद्धालुओं के सहयोग से प्रदेशभर में डाला छठ का महापर्व शांतिपूर्ण एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया।

