उत्तराखंड में मानसून का असर जारी, छह जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट; बिजली गिरने की चेतावनी

उत्तराखंड में मानसून का असर जारी, छह जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट; बिजली गिरने की चेतावनी

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता जारी है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। पर्वतीय क्षेत्रों में गर्जन, आकाशीय बिजली तथा वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की भी चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार पर्वतीय जिलों में अनेक स्थानों तथा मैदानी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

राजधानी देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार सुबह मौसम साफ रहा। तेज धूप के साथ चल रही हवाओं से उमस से राहत मिली, हालांकि आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही। विभाग का अनुमान है कि दोपहर बाद या शाम के समय हल्की से मध्यम बारिश के एक-दो दौर पड़ सकते हैं और कुछ स्थानों पर बारिश तेज होने की भी संभावना है। देहरादून में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

पिछले 24 घंटों के दौरान कर्णप्रयाग में 51 मिमी, कपकोट में 46 मिमी, मसूरी में 40.5 मिमी और श्रीनगर में 35 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं, स्वचालित मौसम केंद्रों के अनुसार डंगोली में 68.5 मिमी और देवाल में 51.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम की स्थिति पर नजर बनाए रखने की बात कही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *