आजमगढ़ में पूजा के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग, पत्नी समेत तीन की मौत; तीन बच्चों को लेकर घर में बंद हुआ आरोपी

आजमगढ़ में पूजा के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग, पत्नी समेत तीन की मौत; तीन बच्चों को लेकर घर में बंद हुआ आरोपी

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गहजी गांव में मंगलवार शाम एक घर में चल रही पूजा के दौरान अचानक हुई गोलीबारी में महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में गृहस्वामिनी और पूजा कराने पहुंचे दो पंडित शामिल हैं। घटना के बाद महिला का पति अपने तीन छोटे बच्चों को लेकर घर के अंदर चला गया और खुद को कमरे में बंद कर लिया। पुलिस ने मकान को घेरकर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने की कवायद शुरू कर दी है।

पुलिस के प्रारंभिक विवरण के मुताबिक अरविंद सिंह शाम करीब छह बजे बाजार से अपने घर लौटा था। उस समय घर में पूजा चल रही थी। घर में पंडितों को देखकर उसने पूजा के बारे में जानकारी ली। इसी दौरान पंडितों से पहचान के लिए आधार कार्ड मांगने को लेकर बातचीत विवाद में बदल गई। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने पर अरविंद ने अपनी पिस्टल से गोली चला दी।

फायरिंग में अरविंद की पत्नी बबीता सिंह तथा पूजा करा रहे महेंद्र पाठक और अखिलेश मिश्रा को गोली लगी। तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।

बच्चों को लेकर घर के भीतर मौजूद आरोपी

पुलिस के पहुंचने के बाद अरविंद कथित रूप से अपने तीन बच्चों को लेकर मकान के भीतर ही बंद हो गया। पुलिस के अनुसार उसके साथ पांच साल की बेटी परी, छह साल का बेटा लक्खा और सात महीने की बच्ची है। बच्चों की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मकान को चारों ओर से घेर लिया और आरोपी से संपर्क कर उसे समझाने का प्रयास शुरू किया।

पुलिस अधिकारियों की निगरानी में अभियान

घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन समेत तीन थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस टीम की प्राथमिकता बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालना और स्थिति को बिना किसी अतिरिक्त जोखिम के नियंत्रित करना है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के अनुसार आरोपी से बातचीत के जरिए संपर्क स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के पीछे के कारणों, फायरिंग की परिस्थितियों और विवाद की पूरी कड़ी की जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि आरोपित के घर से बाहर आने के बाद घटना के संबंध में पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *