आगरा से बड़ी खबर: घर में सिपाही की गोली लगने से मौत, नहीं मिला सुसाइड नोट, जांच में जुटी पुलिस

आगरा में एत्माद्दौला के कालिंदी विहार स्थित अपने आवास में यातायात पुलिस के सिपाही कुबेर सिंह (58 साल) ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। फायरिंग की आवाज सुनकर परिजन जागे, तब उन्हें घटना का पता चला। घटना की जानकारी पर थाना पुलिस के साथ ही एसएसपी प्रभाकर चौधरी भी पहुंच गए। उन्होंने परिजनों से बात की। घटना का कारण पता नहीं चल सका है।

घटना शुक्रवार तड़के करीब 4:00 बजे की है। कुबेर सिंह पुलिस लाइन में यातायात पुलिस की क्रेन चलाते थे। कालिंदी विहार में परिवार सहित रह रहे थे। उनकी तीन बेटियां और एक बेटा है।  बृहस्पतिवार रात को घर में एक बेटी, भतीजा, भतीजी और पत्नी मौजूद थे। सुबह अचानक गोली चलने की आवाज आई। इस पर सभी जाग गए और कुबेर सिंह के कमरे में पहुंचे। अंदर वह खून से लथपथ पड़े थे। यह देखकर घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने जांच की।

थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह का कहना है कि कुबेर सिंह ने अपनी लाइसेंसी राइफल से खुद को गोली मारी है। गोली से उनका चेहरा उड़ गया। घर में अभी कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मामला आत्महत्या का है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है। इसका कारण पता किया जा रहा है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *