अहमदाबाद में घुसपैठियों पर बड़ी कार्रवाई: 300 से अधिक संदिग्ध हिरासत में

अहमदाबाद में घुसपैठियों पर बड़ी कार्रवाई: 300 से अधिक संदिग्ध हिरासत में

गांधीनगर। गुजरात के अहमदाबाद में पुलिस ने घुसपैठियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 300 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लिया। इसे लेकर क्राइम ब्रांच के संयुक्त पुलिस आयुक्त शरद सिंघल ने बताया कि अहमदाबाद पुलिस और क्राइम ब्रांच ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के चांदोल, गुलाबनगर और खोदियारनगर सहित कई इलाकों में घुसपैठियों के खिलाफ मेगा सर्च ऑपरेशन चलाया। इस अभियान के दौरान 300 से अधिक संदिग्धों को पुलिस हिरासत में लिया गया है, जिनसे क्राइम ब्रांच में पूछताछ जारी है।

 

इस मामले को लेकर शरद सिंघल ने बताया कि पूरे गुजरात में ‘ऑपरेशन डेल्टा हंट’ चलाया जा रहा है। अहमदाबाद में भी इस ऑपरेशन को चलाया गया, जिसमें 30 से ज्यादा टीमें संयुक्त रूप में काम कर रही हैं। इनमें साइबर, क्राइम ब्रांच, एसओटी और स्थानीय की 10 टीमें शामिल हैं। पुलिस का यह ऑपरेशन देर रात तक चला और अहमदाबाद के कई इलाकों में एक साथ कार्रवाई की गई। इस ऑपरेशन में कुल 300 से ज्यादा संदिग्ध लोगों को पकड़ा गया है, जिनमें महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हैं। इनमें से 166 लोगों की पहचान बांग्लादेशी के रूप में हुई है, जो अहमदाबाद में गैर गैरकानूनी तरीके से आकर रह रहे थे। बाकी 150 से ज्यादा लोगों से पूछताछ जारी है।

 

संयुक्त पुलिस आयुक्त ने बताया कि उन 166 लोगों में से कुछ ऐसे लोग हैं, जिन्होंने गैरकानूनी तरीके से भारतीय आधार कार्ड बनवाया हुआ है। इसको लेकर भी पूछताछ जारी है कि उन्होंने किसके माध्यम से ये जाली आधार कार्ड बनवाए हैं। इसी के साथ पुलिस उनके ट्रांजेक्शन, नौकरी और जीविका से जुड़ी जानकारियों की जांच में जुटी है। इसी के साथ पुलिस इसकी भी जांच में जुटी है कि कैसे ये लोग बांग्लादेश से भारत में गैरकानूनी तरीके से घुसे हैं। शरद सिंघल ने आगे बताया कि पिछले वर्ष भी कमिश्नर ऑफ पुलिस (सीपी) के निर्देशन में लगभग 465 गैरकानूनी तरीके से भारत में घुसे बांग्लादेशियों को वापस डिपोर्ट किया गया था। उसी प्रकार इस वर्ष भी उन्हें डिपोर्ट किया जाएगा। फिलहाल, क्राइम ब्रांच सभी पकड़े गए व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है, और संदिग्धों की पहचान एवं जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *