असम में बाढ़ से हाहाकार, 30 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित, PM मोदी ने दिया हरसंभव मदद का भरोसा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा से राज्य में बाढ़ की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली और केंद्र की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने शनिवार को उन कई राहत शिविरों का दौरा किया जहां बाढ़ प्रभावितों ने शरण ली हुई है। असम के 28 जिलों में इस साल लगभग 30 लाख से अधिक लोग बाढ़ से बुरी तरह से प्रभावित हुए हैं।

PunjabKesari

बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में राज्य में अब तक 55 लोगों की मौत हो चुकी है। असम के होजई जिले में बाढ़ प्रभावित लोगों को ले जा रही एक नौका पलट गई, जिससे उसमें सवार तीन बच्चे लापता हो गए, जबकि 21 अन्य लोगों को बचा लिया गया। उन्होंने बताया कि 24 ग्रामीणों का एक समूह शुक्रवार देर रात इस्लामपुर गांव से सुरक्षित स्थान की ओर बढ़ रहा था, तभी रायकोटा इलाके में उनकी नौका पानी में डूबे एक ईंट-भट्टे से टकरा जाने के कारण पलट गई।

PunjabKesari

मोदी ने असम के मुख्यमंत्री सरमा को फोन कर राज्य में बाढ़ की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली और केंद्र की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया। पीएम मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘इससे पहले आज, असम के मुख्यमंत्री से बात की और राज्य में बाढ़ के कारण स्थिति का जायजा लिया। केंद्र से हर संभव मदद का आश्वासन दिया। मैं बाढ़ से प्रभावित असम के लोगों की सुरक्षा और कुशलक्षेम के लिए प्रार्थना करता हूं।” सरमा ने प्रधानमंत्री के ट्वीट का जवाब देते हुए उन्हें धन्यवाद दिया।

PunjabKesari

सरमा ने ट्वीट किया, ‘‘असम में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने मुझे आज सुबह 6 बजे फोन किया। इस प्राकृतिक आपदा के कारण लोगों को हो रही कठिनाइयों पर चिंता जताते हुए प्रधानमंत्री ने केंद्र सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उनके आश्वासन और उदारता के लिए कृतज्ञ हूं।’’ सरमा ने कहा कि संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों से लोगों को निकालने के निर्देश दिये गये है। सेना सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) के जवान प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहे हैं।

PunjabKesari

सरमा ने राहत शिविरों में रह रहे लोगों को आश्वासन दिया कि उनकी सहायता के लिए सभी आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं। राज्यभर के 373 राहत शिविरों में 1.08 लाख से अधिक लोग शरण लिए हुए हैं। पिछले 24 घंटों में दीमा हसाओ, गोलपारा, मोरीगांव, कामरूप और कामरूप (महानगर) जिलों में भूस्खलन की सूचना मिली है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *