अमेठी में सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति के आवास पर हंगामा, FIR दर्ज

अमेठी में सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति के आवास पर हंगामा, FIR दर्ज

अमेठी। सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर मंगलवार देर रात अमेठी कस्बे के सुल्तानपुर रोड पर आवास विकास कॉलोनी स्थित पूर्व कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति एवं समाजवादी पार्टी की वर्तमान अमेठी विधायक महाराजी प्रजापति के निवास पर जमकर हंगामा हुआ। आरोप है कि स्कॉर्पियो समेत कई वाहनों से पहुंचे दो दर्जन से अधिक लोगों ने विधायक और पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी किया। विधायक पुत्र की तहरीर पर पुलिस मुकदमा पंजीकृत करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्यवाही कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रजापति परिवार का खास आदमी धीरज पाल जो अभी कुछ ही दिनों पहले जेल से छूट कर बाहर आया है उसके द्वारा समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता शेर बहादुर यादव के खिलाफ फेसबुक पर व्यक्तिगत रूप से अभद्र टिप्पणी की गई थी। जिसको लेकर शेर बहादुर यादव एवं उनके तमाम समर्थकों ने विधायक निवास पहुंचकर गाली गलौज किया। विरोध करने पर आवास पर मौजूद कर्मचारियों के साथ मारपीट किए जाने और मोबाइल फोन छीनने का भी आरोप है। घटना के समय विधायक और उनके बेटे घर पर मौजूद नहीं थे। सूचना मिलने पर विधायक के छोटे बेटे अनुराग प्रजापति समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दिया ।

अनुराग प्रजापति ने कोतवाली में तहरीर देकर सपा नेता शेर बहादुर यादव, बृजेश यादव, जय सिंह प्रताप, बलराम यादव, अनुराग यादव, मनु पाल, विपिन यादव, राजेश यादव और शुभम यादव समेत कई अज्ञात लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।तहरीर में कहा गया है कि आरोपी सार्वजनिक कार्यक्रमों और इंटरनेट मीडिया पर लगातार विधायक परिवार के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणियां कर रहे थे। आरोप है कि घटना के दौरान जान से मारने की धमकी भी दी गई। विधायक पुत्र ने मुख्यमंत्री, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

इस घटना के संबंध में पुलिस क्षेत्राधिकारी मनोज मिश्र ने बुधवार को बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर भेजा गया था। पुलिस के पहुंचने तक अराजक तत्व मौके से फरार हो गए थे। पीड़ित की तहरीर पर 11 नामजद समेत 2 दर्जन अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *