अमेठी। उत्तर प्रदेश के जनपद अमेठी के भादर विकासखंड क्षेत्र में दुर्गापुर-लंभुआ मार्ग पर बीती रात हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं । बुलेट और अपाचे मोटरसाइकिल की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर से दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस आवश्यक वैधानिक कार्यवाही में जुटी हुई है।

राहुल वर्मा (25) पुत्र जयकरन वर्मा निवासी केनौरा अपने साथी दीपक वर्मा (24) पुत्र जगदीश वर्मा के साथ बुलेट मोटरसाइकिल से दुर्गापुर की ओर जा रहे थे। रात करीब 9:20 बजे सामने से आ रही अपाचे बाइक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। अपाचे मोटरसाइकिल पर प्रिंस कुमार कसौधन (21) पुत्र अनिल कुमार कसौधन निवासी विलासीगंज, अयोध्या अपनी बहन दीक्षा कसौधन और भतीजी राधा कसौधन (15) पुत्री सुनील कुमार कसौधन निवासी सोहावल, अयोध्या के साथ सवार थे। बताया गया कि वे अपनी बुआ के घर से वापस लौट रहे थे। हादसे में राहुल वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल प्रिंस कुमार कसौधन ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं दीपक वर्मा, दीक्षा कसौधन और राधा कसौधन गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा है।

पीपरपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार मिश्रा ने बुधवार को बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

