अमेठी में गोकशी की तैयारी कर रहे चार आरोपी गिरफ्तार, मुठभेड़ में एक घायल; हथियार बरामद

अमेठी में गोकशी की तैयारी कर रहे चार आरोपी गिरफ्तार, मुठभेड़ में एक घायल; हथियार बरामद

अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी में पुलिस के “ऑपरेशन चक्रव्यूह” अभियान के तहत थाना जामो और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गोकशी की योजना बना रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। एक अन्य आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में बीती रात क्षेत्राधिकारी गौरीगंज अखिलेश वर्मा के नेतृत्व में जामो पुलिस और स्वाट टीम संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पूरे दृगपाल के पास कुछ लोग गड्ढे में गोवंशीय पशुओं को बांधकर गोकशी की तैयारी कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके की घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक एक आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी मो. मोसिन पुत्र मेहबुल्ला निवासी इमामगंज, थाना बंधुआकला, सुल्तानपुर घायल हो गया। मौके से मो. मोनू उर्फ असरफ, मो. आमिर और राम हृदय को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि राजेश नामक आरोपी फरार हो गया।

अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने सोमवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, दो चाकू, लकड़ी का ठीहा, पेंचकश, तीन रस्सियां, पांच चटाईनुमा प्लास्टिक के बोरे, काली तिरपालनुमा पन्नी और एक टॉर्च बरामद की गई। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि फरार आरोपी राजेश गौवंशीय पशुओं को एकत्र करता था और उसके बुलावे पर वे गौकशी करने आते थे। इसके बाद मांस को आसपास के जिलों में बेचते थे, जबकि बड़े गोवंशीय पशुओं को बिहार, पश्चिम बंगाल और झारखंड भेजा जाता था।

घायल आरोपी मो. मोसिन थाना बंधुआकला का हिस्ट्रीशीटर है और उसके विरुद्ध अमेठी तथा सुल्तानपुर में गौवध निवारण अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और अन्य धाराओं में चार मुकदमे दर्ज हैं। इस मामले में थाना जामो में बीएनएस, उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस सराहनीय कार्रवाई पर पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम को ₹20,000 के नगद पुरस्कार की घोषणा की है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *