अमेठी में कथित धर्मांतरण नेटवर्क का खुलासा, 8 बाहरी राज्यों के लोगों समेत 10 गिरफ्तार; छह साल से गतिविधियां चलने का आरोप

अमेठी में कथित धर्मांतरण नेटवर्क का खुलासा, 8 बाहरी राज्यों के लोगों समेत 10 गिरफ्तार; छह साल से गतिविधियां चलने का आरोप

अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद अंतर्गत कमरौली थाना क्षेत्र के सिंदुरवा गांव में अवैध धर्मांतरण के मामले में पुलिस ने बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने आठ बाहरी राज्यों के लोगों और दो स्थानीय निवासियों समेत कुल 10 आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि धर्मांतरण की यह गतिविधि पिछले करीब छह वर्षों से संचालित हो रही थी। आरोपिताें के कब्जे से धर्म परिवर्तन से संबंधित चार पुस्तकें बरामद की गई हैं। पुलिस अब आरोपिताें के आर्थिक लेनदेन और मुंबई में पंजीकृत रिवाइवल चर्च ट्रस्ट की फंडिंग की भी जांच करा रही है।

इस मामले का अमेठी जनपद मुख्यालय गौरीगंज स्थित पुलिस कार्यालय में खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने सोमवार को बताया कि 22 नवंबर को कमरौली पुलिस को सूचना मिली थी कि सिंदुरवा गांव में दूसरे राज्यों से आए कुछ लोग प्रार्थना सभा की आड़ में लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। शिकायतकर्ता अश्विनी पाण्डेय की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 193/26 के तहत उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/5(1) में मुकदमा दर्ज किया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके की वीडियोग्राफी कराई, जहां करीब 20 से 25 लोग मौजूद मिले। उन्होंने आगे बताया कि आठ बाहरी और दो स्थानीय लोग वहां लोगों को ईसाई धर्म का प्रवचन दे रहे थे। मौके से धार्मिक पुस्तकें और अन्य सामग्री भी बरामद हुई।

पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, पूछताछ में मुख्य आरोपिताें के रूप में रॉयल रॉड्रिक्स, श्रीनिवासन डेनियल और उनके सहयोगियों की भूमिका सामने आई है। गिरफ्तार लोगों में राजकुमार उर्फ जुएल और उसकी पत्नी सूर्यकला उर्फ मार्था भी शामिल हैं, जो सिंदुरवा गांव के निवासी हैं। अन्य आरोपित महाराष्ट्र के कल्याण और अंबरनाथ, उत्तराखंड के काशीपुर, ओडिशा और आजमगढ़ के रहने वाले हैं। गिरफ्तार 10 आरोपिताें में सात पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं।आरोपित पहले एक विशेष जाति के लोगों को चिन्हित करते थे। इसके बाद उन्हें रुपये, मेडिकल सुविधा और बच्चों की पढ़ाई जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करते थे। कथित तौर पर धर्म परिवर्तन करने वाले लोगों के माध्यम से दूसरे लोगों को भी जोड़कर प्रवचन और प्रचार के जरिए प्रभावित किया जाता था। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में यह भी पता चला है कि आरोपित तमिलनाडु, झारखंड, ओडिशा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भ्रमण कर धार्मिक प्रचार-प्रसार करते थे। पूर्व में कई लोगों का धर्म परिवर्तन कराए जाने की जानकारी भी सामने आई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अब आरोपिताें के वित्तीय लेनदेन की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी आरोपिताें के बैंक खातों और अन्य वित्तीय गतिविधियों को खंगाला जा रहा है। इसके साथ ही मुंबई में पंजीकृत रिवाइवल चर्च ट्रस्ट का वित्तीय विश्लेषण आयकर विभाग के माध्यम से कराया जाएगा। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कथित नेटवर्क को आर्थिक मदद कहां से मिल रही थी और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने बताया कि 23 नवंबर को क्षेत्राधिकारी मुसाफिरखाना दिनेश कुमार मिश्र के नेतृत्व में कमरौली पुलिस ने दबिश देकर सभी 10 आरोपिताें को गिरफ्तार किया है । पुलिस ने चार पुस्तकें बरामद करने के साथ आरोपिताें के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इन लोगो की वित्तीय जांच और पूछताछ पूरी होने के बाद इस कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी स्पष्ट हो सकेगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *