अमरजीत मिश्र का योगी सरकार पर बड़ा बयान: ‘राम और राष्ट्र के आराधक सीएम योगी यूपी के लिए वरदान’

अमरजीत मिश्र का योगी सरकार पर बड़ा बयान: ‘राम और राष्ट्र के आराधक सीएम योगी यूपी के लिए वरदान’

वाराणसी। मुंबई भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं फिल्मसिटी मुंबई के पूर्व उपाध्यक्ष अमरजीत मिश्र ने कहा कि राम और राष्ट्र के आराधक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तरप्रदेश के लिए वरदान साबित हुए हैं। मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेश में सुशासन, विकास और जनकल्याण को नई दिशा देने के साथ ही उत्तरप्रदेश की पहचान को भी नई ऊँचाई प्रदान की है।

उत्तर प्रदेश के भदोही विधानसभा क्षेत्र के मूल निवासी अमरजीत मिश्र इन दिनों अपने भदोही और बनारस के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। बुधवार को वाराणसी सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ केवल शासनादेश जारी करने वाले मुख्यमंत्री नहीं हैं, बल्कि संवेदना को संकल्प और संकल्प को परिणाम में बदलने वाले जननेता हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में योगी आदित्यनाथ ने उत्तरप्रदेश में सुशासन के लिए भरोसे की बुनियाद रखी और आज उसी बुनियाद पर जनता के विश्वास की गगनचुंबी इमारत खड़ी दिखाई दे रही है। योगी आदित्यनाथ सरकार ने प्रदेश की दशा सुधारने के साथ ही उसकी प्रगति-पथ की दिशा को भी नया रूप दिया है।

अमरजीत मिश्र ने कहा कि कानून-व्यवस्था, बुनियादी ढाँचे, निवेश, पर्यटन, धार्मिक स्थलों के विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में हुए कार्यों ने उत्तरप्रदेश की तस्वीर बदलने का काम किया है। उन्होंने कहा कि राम की मर्यादा और राष्ट्रसेवा की भावना से प्रेरित योगी आदित्यनाथ का नेतृत्व उत्तरप्रदेश को विकास और गौरव के नए शिखर की ओर ले जा रहा है।

अपने वाराणसी प्रवास के दौरान अमरजीत मिश्र ने उत्तर प्रदेश भाजपा के नवनियुक्त प्रवक्ता एवं वाराणसी के पूर्व महापौर कौशलेंद्र सिंह पटेल से भी मुलाकात की और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कौशलेंद्र सिंह पटेल पार्टी की विचारधारा और सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे। मिश्र ने कहा कि काशी, भदोही और पूरा पूर्वांचल आज विकास की नई संभावनाओं का केंद्र बन रहा है और योगी सरकार के नेतृत्व में उत्तरप्रदेश निरंतर नई उपलब्धियाँ हासिल कर रहा है।

वाराणसी प्रवास के दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उत्तर प्रदेश केवल भारत का सबसे अधिक आबादी वाला राज्य नहीं है, बल्कि यह भारत की सभ्यता, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना की एक विराट भूमि है। अयोध्या से काशी और मथुरा से प्रयागराज तक इसकी मिट्टी में भारतीय संस्कृति की हजारों वर्षों की स्मृतियाँ जीवित हैं। ऐसे प्रदेश का नेतृत्व केवल प्रशासनिक कुशलता से नहीं, बल्कि उसकी सांस्कृतिक आत्मा को समझने वाली दृष्टि से भी होना चाहिए। इसी संदर्भ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नेतृत्व महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की राजनीति का केंद्र केवल सत्ता नहीं, बल्कि राम, राष्ट्र और सांस्कृतिक चेतना की अवधारणा है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर के निर्माण से लेकर दीपोत्सव जैसे सांस्कृतिक आयोजनों तक, योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को विकास और पर्यटन से जोड़ने का प्रयास किया है। न्याय, सुरक्षा, सम्मान और लोककल्याण की भावना योगी सरकार में दिखी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *