मेरठ। जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) अब हेल्थ एटीएम से लैस होंगे। इसकी शुरुआत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खरखौदा से हो चुकी है। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भावनपुर में खरखौदा के बाद हेल्थ एटीएम की लगाने की तैयारी की जा रही है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. अखिलेश मोहन ने बताया – शासन का स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर करने पर जोर है। इसके लिए सीएसआर (कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी) फंड का भी सहारा लिया जा रहा है। सीएसआर फंड से जिले में पहले तमाम चिकित्सालयों में ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किए गए। अब हेल्थ एटीएम की लगाये जा रहे है। इसकी शुरुआत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खरखौदा से हो गयी है। यहां हेल्थ एटीएम ने कार्य करना आरंभ कर दिया है। जैसे -जैसे फंड मिलता जाएगा उसी के हिसाब से अन्य सीएचसी व पीएचसी पर हेल्थ एटीएम मशीन की स्थापना की जाएगी।
हेल्थ एटीएम के नोडल अधिकारी डा. विश्वास चौधरी ने बताया- हेल्थ एटीएम के जरिए शरीर की स्क्रीनिंग होगी। इसमें ब्लड प्रेशर, शुगर, वजन, लंबाई, शरीर का तापमान, शरीर में ऑक्सीजन की स्थिति, बॉडी मास इंडेक्स बीएमआई मेटाबॉलिक एज, बॉडी फैट, डिहाइड्रेशन, पल्स रेटआदि के अलावा हीमोग्लोबिन और लिपिड प्रोफाइल, कोविड-19 जैसे पैथोलॉजी टेस्ट भी हो सकेंगे। हेल्थ एटीएम पर जांच कराने से पहले रोगी का मोबाइल नंबर और नाम अपलोड कर पंजीकरण करना होगा। हेल्थ एटीएम जांच रिपोर्ट कुछ ही मिनटों में मिल जाएगी और यह सटीक होगी। सभी रिपोर्ट ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज होंगी। भविष्य में जरूरत पड़ने पर रोगी को पूरा विवरण एक क्लिक पर उपलब्ध होगा।उन्होंने बताया सीएचसी खरखौदा के बाद अब सीएचसी भावनपुर में हेल्थ एटीएम लगाई जाएगी। इसके लिये पूरी तैयारी हो गयी है।
