बागपत। लायंस क्लब अग्रवाल मंडी एवं संयुक्त व्यापार संघ छपरोली के सहयोग से आज महाराजा अग्रसेन जूनियर हाई स्कूल छपरोली में निशुल्क नेत्र जांच एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ सुप्रसिद्ध समाजसेवी नरेश गुप्ता प्रधान जी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा, सभी को अंधता निवारण कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर सहयोग करना चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता व्यापारी संघ के अध्यक्ष प्रमोद जैन ने की। उन्होंने डॉक्टर दीपक शर्मा की सराहना करते हुए कहा कि वे तन्मयता एवं सेवा भावना से अतुल्य कार्य कर रहे हैं। शिविर के मुख्य संयोजक मंडलीय चेयरमैन लॉयन अभिमन्यु गुप्ता ने बताया, शिविर में डॉक्टर दीपक शर्मा एवं डॉ दुष्यंत शर्मा ने 88 नेत्र रोगियों की जांच की और 17 नेत्र रोगियों को मोतियाबिंद के लेंस युक्त ऑपरेशन हेतु वाहन द्वारा लायंस आई हॉस्पिटल फ्रेंड्स कॉलोनी दिल्ली भेजा। 28 व्यक्तियों को चश्मा के नंबर प्रदान किए गए एवं शेष को दवाइयां वितरित की गई। शिविर को सफल बनाने में समाजसेवी सुनील जैन, प्रमोद गर्ग, मुकेश जैन, लॉयन पंकज गुप्ता सहित अनेक व्यक्तियों ने सहयोग किया।


